जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची का भारत दौरा शुरू हुआ। उन्होंने राष्ट्रपति भवन में प्रवेश किया और पीएम मोदी के साथ व्यापार, रक्षा पर चर्चा करेंगी।
जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची तीन दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचीं। राष्ट्रपति भवन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्वागत समारोह में हिस्सा लिया। दोनों नेता आज 16वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर बैठक में निवेश, व्यापार, रक्षा और इंडो-पैसिफिक सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पहली भारत यात्रा, रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री बनने के बाद सानाए ताकाइची का यह पहला भारत दौरा है। बैठक में सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनरल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सप्लाई चेन, रक्षा सहयोग और समुद्री सुरक्षा को लेकर रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों नेता उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।
रुपए-येन में व्यापार की तैयारी
भारत और जापान अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठा सकते हैं। दोनों देश ऐसी व्यवस्था पर काम कर रहे हैं, जिसके तहत भारतीय रुपए और जापानी येन में सीधे व्यापारिक भुगतान किया जा सकेगा। इससे विदेशी मुद्रा विनिमय का खर्च घटेगा और लेनदेन तेज व सस्ता होगा।
भारत में लगातार बढ़ रहा जापानी निवेश
भारत और जापान के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच 27.5 अरब डॉलर का व्यापार हुआ। अप्रैल से दिसंबर 2025 के बीच जापान ने भारत में 3.2 अरब डॉलर का निवेश किया। वहीं अगले 10 वर्षों में जापान ने भारत में 61 अरब डॉलर से अधिक निवेश का लक्ष्य तय किया है।