पुणे के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में आज बड़ा कदम उठने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 नवंबर 2026 को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो की लाइन-3 यानी पिंक लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही शहर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार के लिए दूसरे चरण की चार नई लाइनों की आधारशिला भी रखी जाएगी। दोनों चरणों की परियोजनाओं पर कुल करीब 21,800 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
8,300 करोड़ रुपये में तैयार हुई पुणे मेट्रो की पिंक लाइन
पुणे मेट्रो लाइन-3 का निर्माण करीब 8,300 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। लगभग 23 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर मान से शिवाजीनगर स्थित डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगा.इस लाइन की सबसे बड़ी खासियत हिंजेवाड़ी आईटी पार्क और शिवाजीनगर के बीच सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी है। अभी इस रूट पर आने-जाने वाले लोगों को सड़क यातायात और ट्रैफिक की परेशानी का सामना करना पड़ता है। मेट्रो सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ समय की बचत भी हो सकती है।
पिंक लाइन में महिलाओं के लिए क्या है खास?
पुणे मेट्रो की लाइन-3 सिर्फ कनेक्टिविटी के लिहाज से ही खास नहीं है। इस परियोजना में महिला सशक्तिकरण को भी महत्व दिया गया है.इस कॉरिडोर की एक प्रमुख विशेषता यह है कि यहां ट्रेन संचालन की जिम्मेदारी पूरी तरह महिला ट्रेन ऑपरेटरों को दी जाएगी। सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिहाज से इसे अहम पहल माना जा रहा है.पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए परियोजना में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल की भी योजना बनाई गई है। मेट्रो की कुल बिजली जरूरत का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
13,500 करोड़ रुपये से बनेगी मेट्रो की चार नई लाइनें
पिंक लाइन के उद्घाटन के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की चार नई लाइनों की आधारशिला भी रखेंगे। इस विस्तार परियोजना पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.दूसरे चरण में मेट्रो की लाइन 2A, 2B, 4 और 4A विकसित की जाएंगी। इन कॉरिडोर का मकसद शहर के उन हिस्सों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ना है, जहां तेजी से आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ रही हैं.इस विस्तार से पुणे के आईटी हब, प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों के बीच आवाजाही आसान बनाने की योजना है।
इन इलाकों को मिलेगा फायदा
मेट्रो के दूसरे चरण का असर पुणे के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिल सकता है। प्रस्तावित नेटवर्क में खराड़ी, मगरपट्टा, हडपसर, स्वारगेट, माणिक बाग, नांदेड़ सिटी, पुणे छावनी और वारजे जैसे इलाके शामिल हैं.रामवाड़ी से विट्ठलवाड़ी तक मेट्रो लाइन के विस्तार से खराड़ी और वाघोली के लोगों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है। इन इलाकों में पिछले कुछ वर्षों में आवासीय, व्यावसायिक और आईटी गतिविधियों का तेजी से विस्तार हुआ है। ऐसे में बेहतर सार्वजनिक परिवहन की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है.इसके अलावा स्वारगेट, नल स्टॉप और खराड़ी बाईपास पर इंटरचेंज सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनके जरिए यात्रियों को मौजूदा मेट्रो लाइनों और इंटरसिटी बस सेवाओं से जुड़ने का विकल्प मिलेगा।