भारतीय वायुसेना सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट को स्वदेशी तकनीक से अपग्रेड करने की योजना बना रही है। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल क्षमता, नए स्वदेशी हथियार सिस्टम और एवियोनिक्स सुधार शामिल होंगे, जिससे वायुसेना क
भारतीय वायुसेना की ताकत और रीढ़ की हड्डी यदि सुखोई-30 को कहा जाए तो यह बिल्कुल गलत नहीं होगा। भारतीय वायुसेना के पास सबसे अधिक फाइटर जेट सुखोई ही हैं। पहले से ही शक्तिशाली इस विमान को और अधिक सक्षम बनाने के लिए वायुसेना अब इसे स्वदेशी तकनीक से सशक्त करने में जुटी है
एयरफोर्स द्वारा तैयार किए गए कैपेबिलिटी रोडमैप में सुखोई को स्वदेशी ताकत देने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड मिसाइल लॉन्चर और मिसाइलों के स्वदेशीकरण पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। वायुसेना इनकी खरीद की तैयारी में भी जुटी है। कई स्वदेशी मिसाइलों को पहले ही शामिल किया जा रहा है, और अब लॉन्चर से लेकर मिसाइल तक सब कुछ स्वदेशी बनाने की योजना है।
सुखोई-30 एमकेआई विमान रूस से आवश्यक उपकरणों के साथ खरीदा गया था। इन उपकरणों की मदद से मिशन के अनुसार विमान पर अलग-अलग प्रकार के एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड हथियार लगाए जा सकते हैं। वर्तमान में विमान पर हथियार या अन्य उपकरण लगाने के लिए ओईएम द्वारा आपूर्ति किए गए लॉन्चर/एडेप्टर का उपयोग किया जाता है। ये लॉन्चर अपनी भार वहन क्षमता के कारण सीमित होते हैं और हर प्रकार के हथियार के लिए अलग-अलग लॉन्चर की आवश्यकता होती है।
स्वदेशी उद्योगों की भागीदारी को किया जा रहा प्रोत्साहित
खास बात यह है कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत इस परियोजना में स्वदेशी उद्योगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। वायुसेना के रोडमैप में न केवल लॉन्चर को स्वदेशी रूप से विकसित करना शामिल है, बल्कि एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड मिसाइलों के विकास पर भी जोर दिया गया है। एयर-टू-ग्राउंड मिसाइल भारत की अगली पीढी की एयर-ड्रॉप प्रिसीजन गाइडेड म्यूनिशन श्रृंखला का हिस्सा है। यह हथियार दूर से ही दुश्मन के महत्वपूर्ण रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाकर उन्हें नष्ट करने में सक्षम है।
मिसाइलों को देश में ही बनाना हुआ जरूरी
आत्मनिर्भर योजना लागू होने के बाद इन मिसाइलों का देश में ही निर्माण करना आवश्यक हो गया है। भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों को लॉन्च प्लेटफॉर्म बनाकर 50 से 500 किलोमीटर तक की विभिन्न रेंज के विकल्प विकसित किए जा सकते हैं। शॉर्ट रेंज एयर-टू-एयर और एयर-टू-ग्राउंड मिसाइलों का भी देश में ही निर्माण किया जाना जरूरी है। सुखोई को 'सुपर सुखोई' बनाने के लिए पहले से ही काम जारी है। इसके तहत 84 सुखोई विमानों के एवियोनिक्स, रडार और इंजन को अपग्रेड करने की योजना है।