असम, केरलम और पुडुचेरी की 296 सीटों पर वोटिंग जारी। जानें ताजा अपडेट, बड़े नेता और पहली बार वोट करने वाले मतदाताओं की भागीदारी।
देश के तीन अहम राज्यों असम, केरलम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तहत आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। यह मतदान एक ही चरण में कराया जा रहा है, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव आयोग की निगरानी में सभी पोलिंग बूथों पर सुबह मॉक पोलिंग कर ईवीएम और वीवीपैट की जांच की गई।
इस बार तीनों राज्यों में कुल 296 सीटों पर मतदान हो रहा है। खास बात यह है कि करीब 10 लाख से ज्यादा मतदाता पहली बार वोट डाल रहे हैं, जिससे चुनावी परिणामों पर असर पड़ सकता है।
केरलम में हैट्रिक की चुनौती, असम में भाजपा का दांव
केरलम में मौजूदा मुख्यमंत्री पिनराई विजयन लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं, जो राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक स्थिति बन सकती है।वहीं असम में भाजपा मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का प्रयास कर रही है।पुडुचेरी में पूर्व मुख्यमंत्री एन. रंगासामी अपनी पार्टी AINRC के साथ पांचवीं बार सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं।
राज्यों का चुनावी गणित
-
असम: 126 सीटों पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार मैदान में
-
केरलम: 2.71 करोड़ मतदाता, 890 उम्मीदवार
-
पुडुचेरी: 30 सीटें, 20 पार्टियों के 294 उम्मीदवार
सुबह से मतदान केंद्रों पर दिखी हलचल
मतदान शुरू होते ही कई जगहों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि असम के बरपेटा में तेज बारिश के कारण मतदान की रफ्तार कुछ धीमी रही.पुडुचेरी में एक मतदान केंद्र पर रोबोट द्वारा मतदाताओं का स्वागत किया गया, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
दिग्गजों ने डाला वोट, लोगों से की अपील
केरलम में अभिनेता मोहनलाल और भाजपा सांसद सुरेश गोपी समेत कई प्रमुख नेताओं ने मतदान किया.सुरेश गोपी ने मतदान के बाद लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे “अपनी मिट्टी और भविष्य को ध्यान में रखकर वोट करें.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी तीनों राज्यों के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर युवाओं और महिलाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने को कहा।
सुरक्षा पर विशेष ध्यान
चुनाव आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कई जगह मोबाइल फोन अंदर ले जाने पर रोक लगाई गई है और मतदाताओं के लिए अलग से जमा करने की व्यवस्था की गई है.पोलिंग बूथों पर पेयजल, छाया और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
पुडुचेरी में बदलते समीकरण, मुकाबला दिलचस्प
पुडुचेरी में इस बार मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है। पारंपरिक रूप से कांग्रेस और AINRC के बीच मुकाबला होता रहा है, लेकिन इस बार नई पार्टियों की एंट्री से समीकरण बदल सकते हैं।राज्य में ‘AINRC-बीजेपी’ और ‘कांग्रेस-DMK’ गठबंधन के बीच सीधी टक्कर की संभावना है।
मतदान प्रतिशत पर नजर
तीनों राज्यों में मतदान प्रतिशत और रुझानों पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। चुनाव आयोग द्वारा समय-समय पर मतदान के आंकड़े जारी किए जाएंगे.राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं और स्थानीय मुद्दों का असर इस चुनाव के नतीजों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।