Breaking News
  • स्वदेश के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ें और हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं।
  • YouTube: @SwadeshNews, Facebook: @DainikSwadesh, Instagram: @swadesh_news1, X: @DainikSwadesh

होम > देश

यूरेनियम डील, गगनयान और AI पर बड़े समझौते

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ऐतिहासिक यूरेनियम डील, गगनयान मिशन में भी मिलेगा ऑस्ट्रेलिया का साथ

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यूरेनियम सप्लाई, गगनयान मिशन, AI, क्वांटम, सेमीकंडक्टर, रक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स समेत कई अहम समझौते हुए।


भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच ऐतिहासिक यूरेनियम डील गगनयान मिशन में भी मिलेगा ऑस्ट्रेलिया का साथ

मेलबर्न। भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों में गुरुवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की द्विपक्षीय बैठक के बाद दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा, परमाणु सहयोग, स्पेस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर और क्रिटिकल मिनरल्स समेत कई अहम क्षेत्रों में ऐतिहासिक समझौतों का ऐलान किया।

सबसे बड़ी घोषणा भारत को ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम की आपूर्ति शुरू करने की रही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समझौते से भारत के स्वच्छ ऊर्जा मिशन और परमाणु ऊर्जा क्षमता को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने बताया कि दोनों देश मिलकर क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर भी विकसित करेंगे, जिससे भविष्य की हाई-टेक इंडस्ट्री और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

गगनयान मिशन को मिलेगा ऑस्ट्रेलिया का सहयोग

बैठक में अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। ऑस्ट्रेलिया के कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल स्थापित किया जाएगा, जिससे भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन को तकनीकी सहायता मिलेगी।

रक्षा और इंडो-पैसिफिक पर रणनीतिक साझेदारी

दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा जारी की। इसके तहत भारत-ऑस्ट्रेलिया डिफेंस इनोवेशन कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे दोनों देशों के रक्षा स्टार्टअप और रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ेगा। साथ ही शिप बिल्डिंग, जहाजों की मरम्मत और रखरखाव, संयुक्त सैन्य अभ्यास तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा समन्वय को भी मजबूत किया जाएगा।

AI, क्वांटम और सेमीकंडक्टर में साथ करेंगे काम

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने भविष्य की तकनीकों पर भी फोकस बढ़ाने का फैसला किया है। दोनों देश AI, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण तकनीकों के विकास में साझेदारी करेंगे। सप्लाई चेन को मजबूत करने और नई तकनीकों में निवेश बढ़ाने पर भी सहमति बनी।

मोदी ने क्रिकेट से दी रिश्तों की मिसाल

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया का रिश्ता क्रिकेट की तरह है।

हमारी मुलाकातें क्रिकेट की तरह होती हैं, एजेंडा वनडे जैसा फोकस रखता है, फैसले टी-20 की तरह तेज होते हैं और हमारी साझेदारी टेस्ट मैच की तरह लंबी और मजबूत है।

अल्बनीज बोले- अब नीतियों की दूरी भी खत्म होगी

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि अब तक दोनों देशों की सप्लाई चेन तो जुड़ी हुई थी, लेकिन नीतियों में दूरी थी। नए समझौतों से यह दूरी भी खत्म होगी। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारत को अपना प्रमुख रणनीतिक और सुरक्षा साझेदार मानता है तथा दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।

प्रमुख समझौते एक नजर में

  • भारत को ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम की आपूर्ति शुरू होगी।
  • क्रिटिकल मिनरल्स कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
  • गगनयान मिशन के लिए कोकोस (कीलिंग) द्वीप पर स्पेस ट्रैकिंग टर्मिनल बनेगा।
  • AI, क्वांटम, सेमीकंडक्टर और साइबर सुरक्षा में सहयोग बढ़ेगा।
  • रक्षा सहयोग और डिफेंस इनोवेशन कॉरिडोर स्थापित होगा।
  • शिप बिल्डिंग और रक्षा उद्योगों में संयुक्त परियोजनाएं शुरू होंगी।
  • ऊर्जा सुरक्षा और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में साझेदारी मजबूत होगी।

Related to this topic: