केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके से अपनी एक पूरी बटालियन वापस बुला ली है । इस बटालियन में 1,000 से ज्यादा जवान हैं । मार्च 2026 में केंद्र सरकार की ओर से देश में नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा के बाद किसी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की पूरी बटालियन को नक्सल विरोधी मोर्चे से हटाने का यह पहला मामला है।
सुकमा में तैनात थी बटालियन
यह बटालियन छत्तीसगढ़ के दक्षिण बस्तर क्षेत्र के सुकमा में तैनात थी, पिछले कई साल से इसके जवान नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल थे। मार्च में नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा के बाद जवानों ने इलाके में बारूदी सुरंगों और आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) को खोजने और निष्क्रिय करने का काम भी किया ।
CRPF मुख्यालय ने बटालियन को मणिपुर भेजने का आदेश दिया है, अधिकारियों के मुताबिक वहां जारी जातीय हिंसा और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए केंद्रीय बलों की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है। इससे पहले CRPF की दो कोबरा बटालियन भी मणिपुर में तैनात की जा चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था पर क्या असर होगा?
बटालियन के हटने से सुकमा में उसके मौजूदा पोस्ट और जिम्मेदारियां खत्म नहीं होंगी । इन्हें आसपास की CRPF इकाइयों और छत्तीसगढ़ पुलिस को सौंपा जाएगा। हालांकि छत्तीसगढ़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बदलाव से नक्सल विरोधी सुरक्षा व्यवस्था में खालीपन आने की आशंका जताई है रिपोर्ट के मुताबिक छत्तीसगढ़ और ओडिशा से कम से कम तीन और अर्धसैनिक बटालियन हटाकर मणिपुर या पाकिस्तान-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा मजबूत करने का प्रस्ताव भी है।