दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है । डॉक्टरों ने गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के बच्चे की रीढ़ की गंभीर जन्मजात बीमारी का ऑपरेशन किया, भारत में इस तरह की पहली ओपन फीटल सर्जरी 12 नवंबर को एम्स के न्यूरोसाइंसेज सेंटर में हुई । करीब छह घंटे चली इस प्रक्रिया में 30 से अधिक डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
सर्जरी में न्यूरोसर्जरी टीम का नेतृत्व प्रोफेसर दीपक गुप्ता ने किया । वहीं मातृ-भ्रूण चिकित्सा और प्रसूति विभाग की टीम का नेतृत्व प्रोफेसर नीना मल्होत्रा और डॉ. के. अपर्णा शर्मा ने किया। ऑपरेशन के बाद मां और भ्रूण की स्थिति स्थिर है एम्स के अनुसार गर्भावस्था के बाकी समय में भी दोनों की लगातार निगरानी की जाएगी।
क्या है मायेलोमेनिंगोसील बीमारी?
इस सर्जरी में मायेलोमेनिंगोसील नाम की बीमारी का इलाज किया गया । यह स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है इसमें बच्चे की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह विकसित नहीं होती और रीढ़ में मौजूद छेद से नसें और उनकी सुरक्षा करने वाली झिल्लियां बाहर आ जाती हैं ।
इससे जन्म के बाद बच्चे को लकवा, चलने-फिरने में परेशानी और दिमाग में पानी भरने यानी हाइड्रोसेफलस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। आमतौर पर इसका ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है, गर्भ में ही सर्जरी करने का उद्देश्य नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाना और बच्चे के बेहतर शारीरिक विकास की संभावना बढ़ाना है।
पांच सप्ताह की तैयारी के बाद हुआ ऑपरेशन
एम्स की टीम ने इस सर्जरी से पहले पांच सप्ताह से ज्यादा समय तक तैयारी की, इसमें भ्रूण की विस्तृत जांच, माता-पिता की काउंसलिंग, एनेस्थीसिया की योजना और ऑपरेशन का अभ्यास शामिल था । सर्जरी के दौरान आधुनिक माइक्रोस्कोप और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद ली गई ।
डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि यह इलाज बीमारी का पूरी तरह अंत नहीं है। इससे कुछ मामलों में नसों को आगे होने वाले नुकसान और दूसरी जटिलताओं का खतरा कम किया जा सकता है । हालांकि समय से पहले प्रसव, संक्रमण और गर्भाशय से जुड़ी समस्याओं का जोखिम बना रहता है। इसलिए यह ऑपरेशन हर गर्भवती महिला के लिए नहीं बल्कि सावधानी से चुने गए मामलों में ही किया जाता है।
सरकार की योजना के तहत मुफ्त हुआ इलाज
इस जटिल और महंगे ऑपरेशन का खर्च परिवार से नहीं लिया गया । एम्स के मुताबिक पूरी प्रक्रिया केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के तहत मुफ्त की गई । एम्स अब एक व्यवस्थित फीटल-केयर कार्यक्रम शुरू करने की योजना बना रहा है यह उपलब्धि देश में भ्रूण चिकित्सा और बच्चों की न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोल सकती है।