चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में रविवार सुबह कोटा उदयपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा के पास खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। दर्दनाक सड़क हादसे में नौ लोगों की जान चली गई। वहीं, आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी महाराष्ट्र के रहने वाले थे और मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूजर के परखच्चे उड़ गए
क्रूजर जिस रफ्तार से ट्रेलर में घुसी, उसने गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर कर दिया। अंदर बैठे कई लोग सीटों के बीच फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस को उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चार गाड़ियों में निकला था 36 लोगों का काफिला
जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र का यह समूह चार अलग अलग गाड़ियों में सवार होकर लौट रहा था। कुल 36 लोग यात्रा में शामिल थे। क्रूजर सबसे आगे चल रही थी, जबकि बाकी तीन गाड़ियां कुछ दूरी पीछे रह गई थीं। इसी बीच शंभूपुरा के पास यह हादसा हो गया। समूह में शामिल एक पीड़ित ने बताया कि वे खाटू श्याम से धार की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके पास एक महिला का फोन आया कि आगे हादसा हो गया है। इसके बाद पीछे चल रही गाड़ियां तुरंत मौके की तरफ दौड़ीं। वहां पहुंचकर जो नजारा दिखा, उसने सबको सन्न कर दिया।
#WATCH | Rajasthan | 9 people killed several injured after a vehicle carrying pilgrims rammed into a parked truck near Shambhupura on the Kota-Udaipur highway in Kota Additional District Collector Rajesh Joshi says, "Near Shambhupura, a vehicle carrying 16 people collided with a truck in the middle of the night. It was a deeply tragic and painful accident, in which 9 people lost their lives. They were returning to Maharashtra after visiting Khatu Shyam. All of them were from the same family... Our priority right now is ensuring that the injured receive proper medical care and recover. Meanwhile, the post-mortem procedures are being carried out for those who lost their lives in the accident..."
— ANI (@ANI) November 22, 2026
चालक को झपकी आने की आशंका, पुलिस कर रही जांच
एडीएम प्रशासन राजेश जोशी के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि क्रूजर चालक को नींद की झपकी आ गई थी। इससे गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जा टकराई। सूचना मिलते ही एसपी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से पूरे समूह में मातम पसरा है। पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है।