नई दिल्ली। आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका लगा है, मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है । गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बुधवार को बताया कि ताजा पैकेट वाले दूध की प्रमुख किस्मों के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं। नई कीमतें 12 नवंबर 2026 से देशभर में लागू होंगी। कंपनी के मुताबिक अलग-अलग वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में करीब 4 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।
अमूल ताजा और गोल्ड कितना महंगा हुआ?
GCMMF के अनुसार अमूल के सबसे ज्यादा बिकने वाले टोंड दूध अमूल ताजा (3 प्रतिशत फैट) की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इसमें करीब 3.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है । वहीं 6 प्रतिशत फैट वाले फुल क्रीम दूध अमूल गोल्ड की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है, इसमें करीब 5.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। अन्य प्रमुख पैक और वेरिएंट की कीमतों में भी संशोधन किया गया है।
क्यों बढ़ाए गए दूध के दाम?
GCMMF ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे उत्पादन और प्रोसेसिंग की बढ़ती लागत को वजह बताया है, कंपनी के मुताबिक हरे और सूखे चारे के साथ पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली खली, मक्का और शीरे की कीमतें बढ़ी हैं। इसके अलावा पैकेजिंग फिल्म और ईंधन की लागत में भी इजाफा हुआ है । फेडरेशन ने गुजरात सहित देश के कई हिस्सों में कम और असमान बारिश का भी जिक्र किया है इससे पशुपालकों पर दबाव बढ़ा है।
36 लाख दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा फायदा
GCMMF का कहना है कि पिछले एक साल में उसकी सदस्य सहकारी यूनियनों ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। खुदरा कीमतों में संशोधन से किसानों को बेहतर भुगतान करने में मदद मिलेगी । फेडरेशन के मुताबिक, अमूल के सहकारी मॉडल में उपभोक्ताओं से मिलने वाले कुल राजस्व का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा 36 लाख दुग्ध उत्पादकों तक पहुंचता है हालांकि कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा ।