अजमेर में चलती स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लगी। इस में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस कई एंगल से जांच कर रही।
अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक भयावह हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बोराडा थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग के गोले में बदल गई। इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस नेता और पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी समेत एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे काशीर और बोराडा गांव के बीच हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह लपटों में घिर चुकी थी।
मां को अस्पताल ले जाते समय हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामसिंह चौधरी अपनी मां पूसी देवी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की थी। स्कॉर्पियो में रामसिंह चौधरी के साथ उनकी पत्नी और भतीजी महिमा भी मौजूद थीं। परिवार अस्पताल पहुंच पाता उससे पहले ही रास्ते में वाहन में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ ही सेकंड में पूरी गाड़ी धुएं और लपटों से भर गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता बहुत ज्यादा थी।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
हादसे में जिन चार लोगों की मौत हुई उनमें पूर्व सरपंच और जिला परिषद सदस्य रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, पत्नी और भतीजी महिमा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पूसी देवी भी पहले सरपंच रह चुकी थीं। मां-बेटे दोनों का स्थानीय राजनीति में अच्छा प्रभाव माना जाता था। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंचने लगे।
दमकल पहुंचने से पहले जल चुकी थी गाड़ी
सूचना मिलने के बाद दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चौथे घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वाहन के जले हुए हिस्सों की जांच की जा रही है ताकि आग लगने की असली वजह सामने आ सके।
पुलिस मर्डर एंगल से भी कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। एसपी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि तकनीकी रिपोर्ट आने तक हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बेहद सतर्कता से जांच आगे बढ़ा रही है। इलाके में इस हादसे को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।