यश की टॉक्सिक ने तीसरे दिन 22.07 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 160.82 करोड़ रुपये हो गया है।
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है। 26 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। हालांकि दूसरे दिन कमाई घटकर 37.65 करोड़ रुपये रह गई।
तीसरे दिन कितना हुआ कलेक्शन
सैकनिल्क के लेटेस्ट आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने तीसरे दिन भारत में अब तक 22.07 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। शुक्रवार को फिल्म के 18,270 शो रहे और ऑक्यूपेंसी 23.5 प्रतिशत दर्ज की गई। तीन दिनों में फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 160.82 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म के पास अभी पूरा वीकेंड है, इसलिए कमाई में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
हिंदी वर्जन से सबसे ज्यादा कमाई
फिल्म को सबसे ज्यादा कमाई हिंदी वर्जन से हुई है। हिंदी बेल्ट में तीसरे दिन तक 16.41 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। वहीं कन्नड़ से 3.45 करोड़, तेलुगु से 1.63 करोड़ और तमिल से 58 लाख रुपये की कमाई हुई।
क्या है टॉक्सिक की कहानी
‘टॉक्सिक’ की कहानी गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। यश ने फिल्म में राया नाम के शक्तिशाली गैंगस्टर का किरदार निभाया है, जो हिंसा और विश्वासघात के सहारे अपना आपराधिक साम्राज्य खड़ा करता है। फिल्म में राया और उसकी बहन गंगा के रिश्ते को भी दिखाया गया है। गंगा का किरदार नयनतारा ने निभाया है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। यश और नयनतारा के अलावा कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं।