सुभाष घई ने साफ किया कि वह ‘खलनायक रिटर्न्स’ का निर्देशन नहीं करेंगे। हालांकि, संजय दत्त की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में वह क्रिएटिव प्रोड्यूसर और कैमियो रोल में नजर आ सकते हैं।
सुभाष घई ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा बयान दिया है। हाल ही में संजय दत्त द्वारा फिल्म का टीजर शेयर किए जाने के बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि 1993 की सुपरहिट फिल्म खलनायक के सीक्वल का निर्देशन भी सुभाष घई ही करेंगे। हालांकि अब उन्होंने साफ कर दिया है कि वह इस फिल्म को डायरेक्ट नहीं करेंगे।

मीडिया से बातचीत में सुभाष घई ने बताया कि संजय दत्त लंबे समय से ‘खलनायक’ का सीक्वल बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि जेल में रहने के दौरान भी संजय दत्त ने उन्हें पत्र लिखकर इस फिल्म को बनाने की इच्छा जताई थी।
संजय दत्त को सुनाई कहानी
सुभाष घई ने बताया कि उन्होंने संजय दत्त को फिल्म का कॉन्सेप्ट और कहानी शेयर की है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि फिल्म को उसी स्तर और अंदाज में बनाना आसान नहीं होगा, जैसा उन्होंने अपने मन में सोचा था।उन्होंने कहा कि ‘खलनायक’ जैसी फिल्म का सीक्वल बनाना बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं।
कैमियो रोल में दिख सकते हैं सुभाष घई
हालांकि सुभाष घई निर्देशन नहीं करेंगे, लेकिन वह फिल्म से जुड़े रह सकते हैं। उन्होंने संकेत दिए कि वह ‘खलनायक रिटर्न्स’ में क्रिएटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभा सकते हैं।इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म में उनका कैमियो भी देखने को मिल सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने ओम शांति ओम में भी कैमियो किया था।
जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा
सुभाष घई ने संजय दत्त को अपने बेटे जैसा बताते हुए कहा कि फिल्म के लिए सही निर्देशक का चयन किया जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि ‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर जल्द आधिकारिक घोषणा हो सकती है।फिल्म को लेकर फैंस में पहले से ही काफी उत्साह है, क्योंकि 1993 में रिलीज हुई ‘खलनायक’ बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही थी।