सलमान खान की बहुत जल्द रिलीज़ होने वाली फिल्म का टाइटल बदला, 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' रखा गया। क्या है इसके पीछे की वजह?
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आने वाली वॉर ड्रामा फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले इस फिल्म का नाम ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, लेकिन अब मेकर्स ने इसका टाइटल बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया है। टाइटल बदलने के बाद फिल्म को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
अचानक लिया फैसला?
फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया। उनके मुताबिक फिल्म की टीम काफी समय से नाम बदलने को लेकर विचार कर रही थी। उनका कहना है कि नया टाइटल फिल्म की भावना और संदेश को पहले से ज्यादा बेहतर तरीके से दर्शाता है।
फिल्म की स्टोरी
यह फिल्म साल 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। उस घटना में भारतीय जवानों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय दिया था। फिल्म की कहानी उसी संघर्ष और सैनिकों के बलिदान को केंद्र में रखकर तैयार की गई है।
फिल्म का नाम देशभक्ति पर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स चाहते थे कि फिल्म का दायरा सिर्फ एक घटना तक सीमित न रहे। ‘मातृभूमि’ जैसा नाम देशभक्ति, कर्तव्य और बलिदान की व्यापक भावना को दर्शाता है, इसलिए इसे नया टाइटल चुना गया।
सलमान खान पोस्ट शेयर की
कुछ समय पहले सलमान खान ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर भी साझा किया था। पोस्टर में फिल्म का नया नाम ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ दिखाई देता है। इसमें सलमान खान घायल हालत में दुश्मनों से मुकाबला करते नजर आ रहे हैं, जो फिल्म के एक्शन और जंग के माहौल की झलक देता है।
कब होगी फिल्म रिलीज़
इस फिल्म में सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका निभा रही हैं। खास बात यह है कि दोनों कलाकार पहली बार किसी फिल्म में साथ काम करते नजर आएंगे।
बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग ऊंचाई वाले कठिन इलाकों में की गई है, ताकि युद्ध के माहौल को वास्तविक रूप में पर्दे पर दिखाया जा सके। फिलहाल फिल्म की नई रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दर्शक इसके ऐलान का इंतजार कर रहे हैं।