रणबीर कपूर की फिल्म बहुप्रतिक्षित ‘रामायण’ के कथित ट्रेलर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसके साथ ही केजेएफ एक्टर यश के रावण अवतार की झलक ने फैंस का ध्यान खींचा।
बॉलीवुड के एक्टर रणबीर कपूर की रामायण को लेकर फैंस का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फिल्म का कथित ट्रेलर सोशल मीडिया पर लीक होने की खबर सामने आई है। दिल्ली में हुए फिल्म के खास लॉन्च इवेंट के बाद कुछ वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लोग ‘रामायण’ के ट्रेलर की झलक बता रहे हैं।
हालांकि, इन वीडियो की अभी तक फिल्म मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन सोशल मीडिया पर इनके सामने आने के बाद फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
दिल्ली इवेंट में दिखाया गया था ट्रेलर
फिल्म ‘रामायण’ के ‘प्रथम संकल्प’ लॉन्च कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में किया गया था। इस इवेंट को दुनियाभर के दर्शकों के लिए लाइव स्ट्रीम किया गया था। इसी समय कार्यक्रम में मौजूद लोगों को फिल्म की झलक और ट्रेलर दिखाया गया। तब लॉन्च कार्यक्रम के लाइव प्रसारण रोक दिया गया था। इसके बावजूद कुछ समय बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई वीडियो दिखाई देने लगे। इनमें फिल्म के अहम दृश्यों का दावा किया जा रहा है। अब फैंस के बीच सवाल उठ रहे हैं कि इतनी सुरक्षा के बाद भी ये वीडियो ऑनलाइन कैसे पहुंचे।
वायरल वीडियो में दिखे राम, सीता और रावण के किरदार
सोशल मीडिया पर सामने आए कथित वीडियो में रणबीर कपूर को भगवान श्रीराम के किरदार में दिखाया जा रहा है। वहीं साई पल्लवी सीता और यश रावण के रूप में नजर आ रहे हैं। इन वीडियो में अरुण गोविल को राजा दशरथ और लारा दत्ता को कैकेयी के किरदार में दिखाए जाने का दावा किया जा रहा है। वायरल क्लिप्स में कथित तौर पर श्रीराम का धनुष चलाने का अभ्यास, वनवास का प्रसंग और सीता स्वयंवर जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों की झलक दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि इन दृश्यों की वास्तविकता की पुष्टि आधिकारिक ट्रेलर आने के बाद ही हो पाएगी।
भव्य लॉन्च में मौजूद थी पूरी स्टारकास्ट
दिल्ली में हुए लॉन्च इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी समेत फिल्म से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हुए। निर्माता नमित मल्होत्रा ने इस प्रोजेक्ट को भारतीय संस्कृति और कहानी को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश बताया। वहीं यश ने कहा कि पूरी टीम का उद्देश्य रामायण की कथा को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाना है। सनी देओल, जो फिल्म में हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं, ने भी इस किरदार को अपने लिए खास अनुभव बताया।
24 जुलाई को रिलीज होगा आधिकारिक ट्रेलर
फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही घोषणा कर दी है कि ‘रामायण’ का ऑफिशियल ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। इसके बाद ही यह साफ होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो असली हैं या नहीं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण प्राइम फोकस स्टूडियोज, डीएनईजी और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर कर रहे हैं। फिल्म के संगीत के लिए ऑस्कर विजेता हांस जिमर और एआर रहमान साथ काम कर रहे हैं।