राजपाल यादव 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में फंसे, लेकिन बॉलीवुड में वह अकेले नहीं हैं। जानिए वो सितारे जो आर्थिक तंगी झेल चुके हैं।
9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में फंसे एक्टर राजपाल यादव की मदद के लिए बॉलीवुड के कई सितारे आगे आ गए हैं। इस मुश्किल वक्त में इंडस्ट्री से जुड़े लोग अपनी-अपनी तरफ से उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। हालांकि आपको बता दें कि राजपाल यादव ही अकेले ऐसे एक्टर नहीं हैं, जिन पर लोन का मामला रहा हो। उनसे पहले भी कई सेलिब्रिटी फाइनेंशियल क्राइसिस और भारी कर्ज का सामना कर चुके हैं। कर्ज चुकाने के दौरान उन्हें भी काफी स्ट्रगल और परेशानियों से गुजरना पड़ा था।
बॉलीवुड में स्टारडम जितनी तेजी से सफलता और शोहरत देता है, उतनी ही तेजी से हालात भी बदल सकते हैं। कई बड़े सितारे अपने सफल करियर के बावजूद फाइनेंशियल तौर पर संकट से गुजर चुके हैं। राजपाल यादव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने 25 सालों से अपनी एक्टिंग के बलबूते पर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लेकिन 9 करोड़ के चेक बाउंस केस मामले में उन्होंने 9 फरवरी को दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया था। जिसके बाद 12 फरवरी को कोर्ट में उनकी जमानत पर सुनवाई है।
अमिताभ बच्चन
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन की जिंदगी में भी एक दौर ऐसा आया, जब वे आर्थिक संकट में फंस गए थे। 1990 के दशक के अंत में उनकी प्रोडक्शन कंपनी एबीसीएल (ABCL) को भारी नुकसान हुआ, जिसके चलते उन पर लगभग 90 करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ गया। उस समय बिजनेसमैन धीरूभाई अंबानी ने उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया था। लेकिन अमिताभ बच्चन ने विनम्रता के साथ इसे अस्वीकार कर दिया था। उन्होंने काम की तलाश शुरू की और यश चोपड़ा की फिल्म ‘मोहब्बतें’ से बड़े पर्दे पर दमदार वापसी की।
इसके बाद साल 2000 में अमिताभ बच्चन की जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव आया। उन्हें टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में ऑफर किया गया। जिसके बाद उनके सारे कर्ज खत्म हो गए। इस शो ने न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला, बल्कि उन्हें नए दौर का सुपरस्टार बना दिया।
राज कपूर
हिंदी सिनेमा के शोमैन राज कपूर ने 1970 में फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ बनाने के लिए सबकुछ दांव पर लगा दिया था। छह सालों में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई। कहा जाता है कि फिल्म की नाकामी के बाद राज कपूर को अपना घर और स्टूडियो तक गिरवी रखना पड़ा था। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 1973 में ‘बॉबी’ का निर्माण किया। यह फिल्म सुपरहिट रही और उन्होंने दोबारा सफलता की ऊंचाइयों को छू लिया।
ए.के. हंगल
‘नमक हराम’, ‘दीवार’, ‘बावर्ची’ और ‘लगान’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता ए.के. हंगल ने 200 से अधिक फिल्मों में काम किया। इसके बावजूद जीवन के अंतिम वर्षों में वे आर्थिक तंगी से जूझते रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पास इलाज तक के लिए पैसा नहीं बचे थे। उस समय अमिताभ बच्चन और सलमान खान समेत कई कलाकारों ने आगे आकर उनकी सहायता की।
गुरुचरण सिंह
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में सोढ़ी का किरदार निभा चुके अभिनेता गुरुचरण सिंह ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया था कि वह अर्थिक रूप से आर्थिक परेशानियों से गुजर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, उन पर 1.2 से 1.5 करोड़ रुपये तक का कर्ज है। स्वास्थ्य समस्याएं, बिजनेस में मिली असफलता और 55 से 60 लाख रुपये की ईएमआई चुकाते हुए उनकी सारी जमा पूंजी खत्म हो गई है।
जैकी श्रॉफ
एक्टर जैकी श्रॉफ भी कर्ज से नहीं बचे हैं। साल 2003 में उनकी पत्नी आयशा श्रॉफ द्वारा बनाई गई फिल्म ‘बूम’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। फिल्म की नाकामी के बाद परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कहा जाता है कि उस समय हालात इतने कठिन थे कि उन्हें घरेलू सामान तक बेचना पड़ा।