कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में साउंड सेटअप गिरने से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने आयोजकों पर FIR दर्ज की है।
मनोरंजन। कन्नड के सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार को हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम के दौरान भारी साउंड-बॉक्स सेटअप अचानक गिर गया। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जबकि एक लड़की बेहोश हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के वक्त मंच पर थे यश
हादसा उस समय हुआ जब यश मंच पर मौजूद थे और फिल्म के कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपनी स्पीच रोक दी और छात्रों की स्थिति के बारे में आयोजकों से जानकारी लेने को कहा। यश ने मंच से कहा कि सभी लोग संभलकर रहें और छात्रों की स्थिति की जांच की जाए।
पोल पर चढ़े थे कुछ लोग
एक मीडिया हाउस की रिपोर्ट के कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग साउंड बॉक्स को सहारा देने वाले पोल और ढांचे पर चढ़ गए थे। इसी दौरान भारी सेटअप नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। सामने आए वीडियो में बड़ी संख्या में भीड़ दिखाई दे रही है। कुछ लोग घायल छात्रों को एंबुलेंस तक पहुंचाते हुए भी नजर आए।
आयोजकों पर FIR दर्ज
हादसे के बाद पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ FIR दर्ज की है। घटना ने बड़े फिल्मी कार्यक्रमों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुष्पा 2 के इवेंट में भी हुआ था हादसा
हैदराबाद में इससे पहले दिसंबर 2024 में ‘पुष्पा 2’ के प्रीमियर के दौरान भगदड़ की घटना हुई थी। इसमें एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ था। उस मामले में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ के कार्यक्रम में हुए हादसे के बाद एक बार फिर बड़े सितारों के इवेंट में भीड़ और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।