कुलदीप यादव अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधने वाले हैं, और इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव आज अपनी बचपन की मित्र वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंध रहे हैं। मसूरी के आईटीसी सेवॉय होटल में पिछले तीन दिनों से शादी की तैयारियां और रस्में चल रही हैं। दोपहर साढ़े 12 बजे लंच के बाद अब बारात की तैयारियों में जोश देखने को मिल रहा है।

कोलकाता के फूलों से सजाया गया होटल
होटल का मंडप खासतौर पर कोलकाता से लाए गए फूलों से सजाया गया है। बारात के लिए एक विंटेज कार का इंतजाम किया गया है, जो समारोह में शाही अंदाज का तड़का लगाएगी। दिल्ली से आए छह सदस्यीय ढोल-बाजे की टीम ने गुरुवार से ही मसूरी में पहुंचकर संगीत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जमकर डांस किया
शादी से पहले शुक्रवार रात एक कॉकटेल और संगीत पार्टी का आयोजन हुआ, जिसमें सुरेश रैना, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल ने दूल्हे के साथ जमकर डांस किया। इसी दौरान दिल्ली से आए सूफी सिंगर बिस्मिल ने लाइव परफॉर्मेंस दी, जिसने समारोह के माहौल को और रोमांचक बना दिया।

शनिवार सुबह मोहम्मद कैफ भी मसूरी पहुंचे। मेहमानों के लिए विशेष नाश्ते में कानपुर की खस्ता कचौड़ी और दाल के बड़े परोसे गए, जिसे सभी ने बड़े चाव से खाया।

शाम को होंगे मुख्य विवाह समारोह
शादी की मुख्य रस्में शाम 4 बजे साफा बंधाई से शुरू होंगी। इसके बाद शाम 5 बजे बारात निकलेगी, 6 बजे वरमाला का आयोजन होगा और रात 8 बजे फेरे होंगे। फेरे के बाद मंडप में अन्य पारंपरिक रस्में रात देर तक चलेंगी। शादी में क्रिकेट जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर शामिल हो सकते हैं।

हल्दी समारोह में दिखी मस्ती
शुक्रवार सुबह 11 बजे से हल्दी की रस्म शुरू हुई और दोपहर तक चली। इस दौरान युजवेंद्र चहल ने खूब धूम मचाई। कभी वह कुलदीप यादव के चेहरे पर हल्दी लगाते नजर आए, तो कभी ढोल की थाप पर जोरदार डांस करते दिखे। हल्दी के बाद दूल्हा-दुल्हन ने भी सभी मेहमानों के साथ जमकर डांस किया।

शाही दावत और प्रीमियम व्यंजन
हल्दी समारोह के बाद होटल में मेहमानों के लिए विशेष लंच का आयोजन किया गया, जिसमें एक थाली की कीमत लगभग 20 हजार रुपए बताई जा रही है। शादी के लिए प्लैटिनम और गोल्ड मेन्यू तैयार किए गए हैं, जिनमें शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजन दोनों शामिल हैं। प्रीमियम सलाद, सूप, स्नैक्स और मुख्य व्यंजन सभी मेहमानों के लिए परोसे जा रहे हैं।

बार में देश-विदेश के महंगे ब्रांड की शराब उपलब्ध है। इसमें 40 हजार रुपए की डॉम पेरिग्नॉन शैम्पेन, 35 हजार रुपए तक की सिंगल माल्ट स्कॉच और कई अन्य प्रीमियम वाइन शामिल हैं। मसूरी में कुलदीप यादव और वंशिका सिंह की शादी का यह जश्न क्रिकेट और ग्लैमर की दुनिया का मिलाजुला उत्सव बन गया है, जिसे देखने और अनुभव करने के लिए कई नामचीन हस्तियां भी पहुंची हैं।