दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन हो गया है। फैंस उनके और उनकी बहन लता मंगेशकर के निधन में समानता देख रहे हैं। संगीत जगत में शोक की लहर है।
भारतीय संगीत जगत से एक बेहद भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का निधन हो गया है। उनके निधन के बाद फैंस सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर के निधन के बीच समानताओं को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
अस्पताल में भर्ती के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, आशा भोसले को चेस्ट इंफेक्शन और अत्यधिक थकान के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उनकी स्थिति गंभीर होती चली गई और उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे ने निधन की पुष्टि की है। साथ ही जानकारी दी कि सोमवार की शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दो बहनों की संगीत यात्रा और अंत में समानता
आशा और लता मंगेशकर भारतीय संगीत की दो सबसे बड़ी हस्तियां मानी जाती हैं। दोनों ने मिलकर भारतीय फिल्म संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। जहां लता मंगेशकर ने 6 फरवरी 2022 में 92 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा था। वहीं, अब आशा भोसले के निधन के बाद दोनों बहनों की अंतिम यात्रा को लेकर भावनात्मक तुलना की जा रही है।
फैंस का कहना है कि दोनों ने संगीत की दुनिया में एक जैसा योगदान दिया। अब उनका जाना भी भारतीय संगीत के लिए एक युग का अंत जैसा है।
20 से अधिक भाषाओं में 11000+ गानों का रिकॉर्ड
अपने लंबे करियर में आशा भोसले ने 20 से अधिक भाषाओं में 11,000 से ज्यादा गाने गाए। इस उपलब्धि के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। उन्होंने भारतीय संगीत में हर शैली को अपनाया। रोमांटिक गीतों से लेकर कैबरे और सूफी संगीत तक। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें अलग पहचान दिलाई।
संगीत की दुनिया में शोक की लहर
आशा भोसले के निधन की खबर के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। संगीत और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है और इसे भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम युग का अंत बताया है। उनकी आवाज़ और गीत आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बने रहेंगे।