अनुपम खेर ने अयोध्या में रामलला के दर्शन और आशीर्वाद लेने के बाद अपनी नई फिल्म 'श्री रामभूमि' की शूटिंग शुरू कर दी। अभिनेता ने इस खास पल की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए।
अयोध्या से अभिनेता अनुपम खेर की नई फिल्म 'श्री रामभूमि' का सफर शुरू हो गया है। शूटिंग के पहले दिन उन्होंने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और फिल्म की सफलता के साथ अपने परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इस खास मौके की तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
अनुपम खेर ने बताया कि अयोध्या में शूटिंग की शुरुआत उनके लिए सिर्फ एक पेशेवर पड़ाव नहीं बल्कि भावनात्मक अनुभव भी रही। उन्होंने कहा कि राम भक्तों के बीच मौजूद रहकर उन्हें अलग तरह की ऊर्जा और आत्मिक संतोष महसूस हुआ।
रामलला के दर्शन के साथ हुई फिल्म की शुरुआत
इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में अनुपम खेर राम मंदिर परिसर में नजर आए। उन्होंने भगवान रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और फिल्म की सफल यात्रा के लिए आशीर्वाद लिया। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने यह प्रार्थना अपने परिवार, सहयोगियों और सभी शुभचिंतकों के लिए भी की।
राम भक्तों के बीच बिताया खास पल
अनुपम खेर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अयोध्या पहुंचना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव रहा। उन्होंने देश और विदेश से आए श्रद्धालुओं के साथ 'जय श्री राम' के जयघोष भी लगाए। अभिनेता के मुताबिक इस माहौल ने उनकी फिल्म की शुरुआत को और अधिक यादगार बना दिया।
'श्री रामभूमि' में दिखेगी दमदार स्टारकास्ट
'श्री रामभूमि' में अनुपम खेर मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में उनके साथ ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। इसका निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी जी स्टूडियोज, डांसिंग शिवा फिल्म्स और सिनेकॉर्न एंटरटेनमेंट ने संभाली है।
फिल्म को लेकर बढ़ी उत्सुकता
अयोध्या से शूटिंग शुरू होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है। फिलहाल निर्माताओं ने कहानी या रिलीज डेट से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन शूटिंग शुरू होने के साथ फिल्म ने चर्चा बटोरनी शुरू कर दी है।