RRB NTPC UG Exam 2026 की तारीखें जारी, CBT-1 मई और जून में होगा। जानें शेड्यूल, एडमिट कार्ड और परीक्षा पैटर्न।
रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए आखिरकार इंतजार खत्म हो गया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने NTPC अंडरग्रेजुएट लेवल (CEN 07/2025) परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर दिया है, और अब उम्मीदवारों के पास तैयारी को अंतिम रूप देने का समय है।
कब होगी परीक्षा?
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक CBT-1 परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला चरण 7, 8 और 9 मई 2026 को होगा, जबकि दूसरा चरण 13, 14 और 16 से 21 जून 2026 तक चलेगा। देशभर में यह परीक्षा अलग-अलग केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी, जिससे अधिक संख्या में उम्मीदवारों को समायोजित किया जा सके।
3000 से ज्यादा पदों पर भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 3,058 पद भरे जाएंगे। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और अकाउंट्स क्लर्क जैसे पद शामिल हैं। ग्रेजुएट लेवल की परीक्षा पहले ही हो चुकी है, अब इंटरमीडिएट पास उम्मीदवारों के लिए यह बड़ा मौका है। हालांकि, सीटों की संख्या सीमित होने के कारण प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी रहने वाली है।
एडमिट कार्ड और सिटी इंटिमेशन
उम्मीदवारों को परीक्षा शहर और तारीख की जानकारी एग्जाम से लगभग 10 दिन पहले दी जाएगी। वहीं, एडमिट कार्ड परीक्षा से 4 दिन पहले RRB की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसे डाउनलोड करने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्म तिथि की जरूरत होगी।
कैसा होगा परीक्षा पैटर्न?
CBT-1 परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी, जिसमें कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जनरल अवेयरनेस, गणित, जनरल इंटेलिजेंस और रीजनिंग शामिल होंगे। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी होगी, इसलिए उम्मीदवारों को सोच-समझकर जवाब देने की सलाह दी गई है।