NCERT ने कक्षा 8 की विवादित सोशल साइंस किताब वापस ली, न्यायपालिका वाले चैप्टर पर मांगी माफी
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा 8 की सोशल साइंस की एक किताब को लेकर उठे विवाद पर अब माफी मांग ली है। परिषद ने बताया कि न्यायपालिका से जुड़े एक चैप्टर पर आपत्ति आने के बाद अब फैसला लिया गया है कि पूरी किताबें बाजारों और स्कूलों से वापस ले ली जाएंगी।
क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में कक्षा 8वीं के लिए सोशल साइंस की किताब “समाज की खोज: भारत और उससे परे (भाग-II)” जारी की गई थी। इस किताब के एक चैप्टर में न्यायपालिका की भूमिका पर चर्चा की गई थी, जिसे लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद NCERT ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया।
NCERT ने मांगी माफी
NCERT ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि संबंधित चैप्टर को लेकर उठे सवालों के बाद संस्था के निदेशक और अन्य अधिकारियों ने बिना शर्त माफी मांगी है। साथ ही यह भी कहा गया कि पूरी किताब को फिलहाल वापस ले लिया गया है और इसे आगे वितरित नहीं किया जाएगा।
न्यायपालिका में भ्रष्टाचार
जानकारी के अनुसार उस चैप्टर में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार से जुड़ी चर्चा शामिल थी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया था। मामला सामने आने के बाद यह मुद्दा अदालत तक भी पहुंच गया। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया। अदालत ने निर्देश दिया कि इस किताब की सभी प्रतियां, चाहे वे प्रिंट में हों या डिजिटल रूप में, तुरंत हटाई जाएं। कोर्ट ने यह भी कहा कि जिन स्कूलों, प्रकाशकों या वितरकों के पास यह किताब पहुंच चुकी है, वहां से भी इसे तुरंत वापस लिया जाए।
इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित कार्रवाई की रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर पेश करने का निर्देश भी दिया था। फिलहाल NCERT ने विवाद को देखते हुए किताब को पूरी तरह वापस लेने का फैसला कर लिया है।