CISF में अगले 5 सालों में 91,790 पदों पर भर्ती, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बंपर मौका, लाखों लोगों को मिलेगा रोजगार..
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। देश के एयरपोर्ट, सीपोर्ट और बड़े इंडस्ट्रियल संस्थानों की सुरक्षा संभालने वाली CISF (सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स) आने वाले सालों में बड़े स्तर पर भर्ती करने जा रही है। जानकारी के मुताबिक अगले 5 साल में करीब 91,790 पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे हजारों युवाओं को CAPF में नौकरी पाने का मौका मिल सकता है।
आने वाले समय में सरकारी नौकरी का बंपर ऑफर मिलने वाला है। जिसकी वजह से लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। दरअसल देश में तेजी से नए एयरपोर्ट, मेट्रो प्रोजेक्ट और बड़े इंडस्ट्रियल प्लांट बन रहे हैं। इन सभी जगहों की सुरक्षा के लिए CISF जवानों की जरूरत भी बढ़ रही है। इसी वजह से सरकार ने फोर्स की स्ट्रेंथ बढ़ाने का फैसला लिया है।
CISF की स्ट्रेंथ बढ़ाने को मिली मंजूरी
CISF के महानिदेशक प्रवीर रंजन के मुताबिक गृह मंत्रालय ने पिछले साल फोर्स की अधिकृत संख्या बढ़ाने की अनुमति दी थी। पहले जहां CISF की स्ट्रेंथ करीब 2 लाख जवानों की थी, अब इसे बढ़ाकर करीब 2.20 लाख कर दिया गया है। अगस्त 2025 में लिए गए इस फैसले का मकसद देश के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा को और मजबूत बनाना है। इसी विस्तार योजना के तहत अगले 5 साल में 91,790 पदों पर भर्ती की जाएगी।
हर साल हजारों जवान होंगे भर्ती
CISF की योजना के अनुसार हर साल बड़ी संख्या में युवाओं को फोर्स में शामिल किया जाएगा।
- हर साल करीब 14 हजार नए जवानों की भर्ती की जाएगी।
- इन पदों में कांस्टेबल समेत कई अलग-अलग रैंक शामिल होंगी।
- CISF के फायर विंग में भी करीब 21,790 पदों पर भर्ती की योजना है।
- जानकारी के मुताबिक 2025 से 2026 के बीच करीब 54,523 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो सकती है।
- साल 2025 के रोजगार मेले में भी CISF ने 54 हजार से ज्यादा उम्मीदवारों को अपॉइंटमेंट लेटर दिए थे।
- इस तरह CISF केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में युवाओं को सबसे ज्यादा रोजगार देने वाली फोर्स बनती जा रही है।
CISF में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
CISF में महिलाओं की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। फिलहाल फोर्स में महिलाओं की हिस्सेदारी 8 प्रतिशत से ज्यादा है।
- पिछले साल भर्ती हुए जवानों में करीब 12.75 प्रतिशत महिलाएं थीं।
- 2026 की भर्ती में भी महिलाओं की भागीदारी 8 से 9 प्रतिशत रहने की उम्मीद है।
- महिलाओं को बढ़ावा देने के लिए स्पेशल ट्रेनिंग में 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं।
- साथ ही उन्हें जेंडर न्यूट्रल पोस्ट पर भी तैनाती दी जा रही है।
कई नए प्रोजेक्ट्स की सुरक्षा संभाल रही CISF
देश में शुरू हो रहे नए बड़े प्रोजेक्ट्स के कारण CISF की जिम्मेदारी लगातार बढ़ रही है। अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 के बीच कई अहम संस्थानों को CISF सुरक्षा में शामिल किया गया है। इनमें कर्तव्य भवन (नई दिल्ली), सेवा तीर्थ, RRTS, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नवी मुंबई एयरपोर्ट और लेंगपुई एयरपोर्ट (मिजोरम) शामिल हैं।
इसके अलावा भाखड़ा डैम प्रोजेक्ट, जवाहरपुर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, NTPC तलाईपल्ली कोल माइनिंग प्रोजेक्ट और HPCL-राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड पचपदरा को भी CISF सुरक्षा दी गई है। इन सभी वजहों से आने वाले समय में CISF में भर्ती के मौके और भी बढ़ने की उम्मीद है।