हेल्थ सेक्टर में बढ़ेंगी नौकरियां, प्रधानमंत्री मोदी बोले- अभी से हो जाएं तैयार, देश के विकास में हेल्थ सेक्टर देगा बड़े रोजगार।
हेल्थ सेक्टर में नौकरी निकलने वाली है, इसलिए आप भी तैयारी हो जाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से कहा है कि वे हेल्थकेयर सेक्टर में बढ़ती जरूरत को देखते हुए केयरटेकर और नर्सिंग असिस्टेंट जैसे कामों के लिए खुद को तैयार कर लें।
देश के विकास के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी
नई दिल्ली में आयोजित एक पोस्ट-बजट वेबिनार को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास के लिए शिक्षा, कौशल और स्वास्थ्य व्यवस्था को एक साथ मजबूत करना बेहद जरूरी है। अगर इन क्षेत्रों में विकास किया जाए तो भारत एक ऐसा सक्षम कार्यबल तैयार कर सकता है, जो भविष्य की जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा।
बुजुर्गों की बढ़ती आबादी से बढ़ेगी केयर सेवाओं की मांग
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आने वाले सालों में भारत में बुजुर्गों की संख्या तेजी से बढ़ने वाली है। ऐसे में उनकी देखभाल के लिए तैयार केयरगिवर्स की जरूरत भी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि ‘केयर इकोनॉमी’ आने वाले समय में रोजगार का बड़ा क्षेत्र बन सकता है और इससे लाखों लोगों को काम मिलने की संभावना है।
उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के कई देशों में पहले से ही प्रशिक्षित केयरगिवर्स की कमी है। यदि भारतीय युवा इस क्षेत्र में प्रशिक्षण लेते हैं, तो उनके लिए विदेशों में भी नौकरी के अवसर खुल सकते हैं।
टेलीमेडिसिन से बदल रहा है इलाज का तरीका
प्रधानमंत्री ने डिजिटल हेल्थ सेवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के जरिए अब दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोग भी डॉक्टरों से सलाह ले पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के कई लोग पहले से इन सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। हालांकि उन्होंने माना कि अभी भी लोगों में इन सेवाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका फायदा उठा सकें।
देश में बढ़ रही स्वास्थ्य सुविधाएं
जानकारी के अनुसार पिछले कुछ वर्षों में देश के स्वास्थ्य ढांचे में तेजी से विस्तार हुआ है। कई जिलों में नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिससे डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने आयुष्मान भारत और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जैसी सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों का उद्देश्य गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
आयुर्वेद और योग को मिल रही वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां जैसे आयुर्वेद और योग दुनिया भर में लोकप्रिय हो रही हैं। आधुनिक चिकित्सा के साथ इन पारंपरिक तरीकों को बढ़ावा देकर भारत स्वास्थ्य और वेलनेस के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका और मजबूत कर सकता है।