अग्निवीर भर्ती में युवाओं के लिए बड़ी राहत। अधिकतम आयु सीमा 21 से बढ़ाकर 22 वर्ष की गई। पिछले 15 दिनों में 13 हजार से ज्यादा आवेदन आए, भिंड और मुरैना के युवा सबसे आगे।
भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। रक्षा मंत्रालय और सेना भर्ती बोर्ड ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में अहम बदलाव करते हुए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने का फैसला किया है। अब तक अग्निवीर बनने के लिए अधिकतम आयु 21 वर्ष थी, लेकिन नए फैसले के बाद इसे 22 वर्ष कर दिया गया है। इस बदलाव से उन हजारों युवाओं को नया मौका मिल गया है जो उम्र सीमा के कारण पिछली भर्ती में आवेदन नहीं कर पाए थे।
15 दिनों में 13 हजार से ज्यादा आवेदन
सेना भर्ती बोर्ड के मुताबिक उम्र सीमा बढ़ने के बाद युवाओं में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। सिर्फ पिछले 15 दिनों में 13,499 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए आवेदन 13 फरवरी से शुरू हुए थे और अब भी लगातार आवेदन आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिस तेजी से आवेदन मिल रहे हैं, उससे उम्मीद है कि इस बार भर्ती का आंकड़ा पिछली बार से काफी ज्यादा हो सकता है।
भिंड और मुरैना के युवा सबसे आगे
इस बार आवेदन करने वालों में भिंड और मुरैना जिले के युवा सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं। दोनों जिलों से मिलाकर अब तक 7,271 आवेदन आ चुके हैं, जो कुल आवेदनों का बड़ा हिस्सा है। भर्ती बोर्ड का कहना है कि आवेदन की अंतिम तारीख 1 अप्रैल है, इसलिए आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ सकती है।
पिछली भर्ती में 1700 युवाओं को मिला था मौका
अधिकारियों के मुताबिक पिछली भर्ती प्रक्रिया में करीब 1700 युवाओं ने सेना जॉइन की थी। लेकिन इस बार आवेदनों की संख्या और युवाओं के उत्साह को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
उम्र सीमा बनी थी बड़ी बाधा
पिछले साल कई ऐसे युवा थे जो सेना में जाने का सपना देखते थे, लेकिन आयु सीमा 21 वर्ष होने के कारण आवेदन नहीं कर पाए। अब अधिकतम आयु 22 वर्ष किए जाने से ऐसे अभ्यर्थियों को दोबारा मौका मिल गया है। सेना के इस फैसले को युवाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। फिलहाल भर्ती बोर्ड का कहना है कि सेना में शामिल होने का जोश युवाओं में लगातार बढ़ रहा है… और यही जोश आने वाली भर्ती प्रक्रिया में भी देखने को मिल सकता है।