मथुरा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मन की बात युवाओं से करना प्रारंभ कर दिया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने 80 लोकसभा क्षेत्रों के करीब 200000 से अधिक युवाओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया और मन की बात कहते हुए प्रदेश के युवाओं को भाजपा से जोडऩे एवं विकास और परिवर्तन के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बार भी पीएम बनाने का आह्वान किया।
मथुरा लोकसभा क्षेत्र में भी प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर भाजपा जिले के पदाधिकारियों एवं भाजयुमो के पदाधिकारियों द्वारा सोंख रोड पाली डूंगरा स्थित केएम मेडिकल कॉलेज में योगी आदित्यनाथ के मन की बात कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल में रखा गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी मथुरा एवं विधायक योगेंद्र उपाध्याय व भाजपा जिलाध्यक्ष नगेन्द्र सिकरवार मौजूद थे। यहां कॉलेज के ऑडिटोरियम में लगी एलईडी के माध्यम से लाइव वीडियो के जरिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैकड़ों छात्र छात्राओं से सीधे संवाद किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का बखान कर युवाओं को भाजपा से जोडऩे की कोशिश की।
उन्होंने लाखों युवाओं एवं देश की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि नामुमकिन को मुमकिन में बदलने का नाम ही मोदी है। उन्होंने राम मंदिर का भी जिक्र करते हुए कहा कि राम मंदिर का रास्ता जरूर निकलेगा। कुंभ की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रयागराज में कल तक 21 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया। मुख्यमंत्री ने पिछले एक साल में चलाए गए अभियानों का भी जिक्र किया। कानून व्यवस्था पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार आने से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त थी।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले लोकसभा चुनाव से आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव पर बोलते हुए कहा कि पिछले 5 सालों में देश में करीब 10 करोड़ युवा मतदाता सूची में जुड़े हैं, उन सभी युवा मतदाताओं से विकास एवं परिवर्तन का संकल्प लेते हुए योगी ने सभी से इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, प्रभात चौधरी, सुरेन्द्र प्रधान, ठा. किशन सिंह, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक दुबे, जिला अध्यक्ष यज्ञ दत्त कौशिक, जिला महामंत्री कुन्जबिहारी चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष ठा. प्रवीन पाल सिंह, मनोज ठाकुर सौनोंठ, आशीष वशिष्ठ, धीरज शर्मा, अमित छौंकर, ठा. पूरन प्रताप, जिला मीडिया प्रमुख आदित्य आहुजा, राजू चौधरी, हेमंत कौशिक, गौरव शर्मा, राहुल चौधरी, राहुल वैदिक, आनन्द चौधरी, रामवीर चौधरी सहित सभी मंडलों केे पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं केे अलावा कॉलेज के सैकड़ों छात्र छात्राएं मौजूद रहे।