यमुना एक्सप्रेस वे के अंडरपास में गिरी अनियंत्रित कार, सास-बहू की मौत

Update: 2019-02-21 16:42 GMT

चालक की झपकी लगने पर डिवाइडर से टकराने के बाद हुआ हादसा, दो गंभीर

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। गुरुवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रही अर्टिगा कार के चालक को झपकी आने के बाद हुई बेकाबू कार डिवाइडर से टकराने के बाद कलाबाजी खाते हुए अंडरपास पुल के नीचे गिर पड़ी। हादसे में कार सवार सास-बहू दोनों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

दिल्ली के प्रेमनगर चंदन विहार निवासी राजेश कुमार तिवारी की पत्नी मनोरमा देवी और माँ रामवती एवं दोस्त मनोज तिवारी के साथ गुरुवार सुबह अर्टिगा कार से दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस वे पर होकर आगरा जा रहे थे। बल्देव थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 137 के समीप झपकी लगने पर अचानक कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद कलाबाजी खाते हुए 20 फुट नीचे अंडरपास पुल के नीचे गिर पड़ी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मनोरमा देवी पत्नी राजेश तिवारी एवं रामवती पत्नी रामकुबेर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

राजेश और मनोज तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मांट टोल चौकी प्रभारी शिववीर सिंह के अलावा एक्सप्रेस वे कर्मी मौके पर पहुंच गए। कार में फंसे मृतक और घायलों को बाहर निकाल लिया। जिनमें मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए मोरचरी एवं घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। एक दिन पहले ही मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी।  

Similar News