मथुरा। बुधवार को आयकर विभाग ने आगरा के साथ मथुरा में भी कार्यवाही की। आगरा में 19 ठिकानों पर सर्वे की कार्यवाही हुई है। इसके आलावा मथुरा में दो, राजस्थान में तीन, कोलकाता में एक, दिल्ली में दो और लखनऊ में एक स्थान पर आयकर विभाग का सर्वे हुआ है।
मथुरा जिले के फरह और पुष्पांजलि उपवन में आयकर विभाग ने कार्यवाही की है। फरह स्थित दुर्गा विहार में कृष्णकांत अग्रवाल बैटरी वालों के आवास पर भी आयकर विभाग की टीम सर्वे के लिए पहुंची। बताया गया है कि आगरा का एक व्यापारी कृष्णकांत की फर्म पर सरसों के तेल का व्यापार कर रहा था। जिसके चलते आयकर विभाग की कार्यवाही हुई। सर्वे को गई टीम को व्यवसायी के घर से एक लाख रुपये और कुछ कागजात बरामद हुए हैं। सर्वे में चार लोगों की टीम शामिल थी।
कृष्णकांत ने करीब सात वर्ष पहले आगरा के घटिया आजम खां स्थित एक पते पर केके एंटरप्राइजेज के नाम से फर्म खोली थी। करीब चार वर्ष पहले वह फरह आकर रहने लगे। उनके फर्म के नाम पर सरसों का व्यापार किया जा रहा था। वहीं मथुरा में दूसरी कार्यवाही मथुरा में पुष्पांजलि उपवन में एमएस इंफ्रा फर्म के मालिक रमाकांत शर्मा के यहां आयकर विभाग का सर्वे हुआ है। सुबह करीब नौ बजे से जांच चल रही है। रामाकांत शर्मा का डंपर का काम हैं। उनके 25 से 30 डंपर चलते हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह पौने नौ बजे से आयकर विभाग की टीम ने कार्यवाही शुरु कर दी थी। डीडीआइटी इनवेस्टिगेशन आरके गुप्ता के नेतृत्व में योगेश मिश्रा सहयोग कर रहे हैं। उनके साथ जेडीआइटी इनवेस्टिगेशन तरुन कुशवाह भी कार्यवाही में शामिल हैं।
इससे पूर्व आगरा में शिव कुमार सिंह राठौर सहित बिल्डर पीएल शर्मा और ठेकेदार संतोष कुमार शर्मा सहित अन्यों पर चल रही आयकर विभाग की कार्यवाही के निशाने पर उनके संबधी भी हैं। आयकर विभाग की टीम ने आय से अधिक संपत्ति, अघोषित निवेश, बोगस खर्चे और फर्जी रसीदों को आधार बनाकर सर्वे की कार्यवाही की है। बता दें कि पूर्व राज्य मंत्री सलोनी ब्रांड नामक सरसों के तेल के बड़े कारोबारी हैं। उनके साथ उनके भाई दिनेश राठौर भी आयकर विभाग की कार्यवाही की जद में हैं।