मथुरा परिवार मौत केस में सनसनीखेज खुलासा, 3 बच्चों और पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाया करंट

उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक परिवार के 5 लोगों की मौत के मामले में खुलासा। 3 बच्चों और पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या।

Update: 2026-02-10 13:10 GMT

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सामने आए एक दर्दनाक मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। महावन थाना क्षेत्र के खपरपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह केवल सामूहिक आत्महत्या नहीं, बल्कि उससे पहले हत्या की घटना भी हुई।

पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया मनीष ने सबसे पहले अपने तीनों मासूम बच्चों की हत्या की। इसके बाद उन्होंने पत्नी सीमा के सिर पर वार कर उसकी जान ली और अंत में खुद को करंट लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं।

मोहल्ले में फैली दहशत

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार ने दूध में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिया था, जिससे मौत होने की बात कही जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल है।

एक कमरे में मिले पांचों शव

पुलिस को एक ही कमरे से पूरे परिवार के शव मिले। कमरे में बेड पर मां के साथ एक बेटा और एक बेटी का शव था। दूसरी बेटी चारपाई पर पड़ी मिली, जबकि पति मनीष का शव फर्श पर मिला। घटना का खुलासा तब हुआ, जब सुबह बच्चे दिखाई नहीं दिए। इस पर पड़ोस में रहने वाले मनीष के भाई जयकिशन मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने पर वे मेन गेट फांदकर अंदर गए और कमरे का दरवाजा तोड़ा, जहां सभी मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दो सुसाइड नोट और एक वीडियो बरामद

पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है। पहला नोट रसोई की दीवार पर लिखा मिला, जिसमें लिखा था— 'मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मर रहे हैं, पुलिस किसी को परेशान न करे।' दूसरा नोट कागज पर मिला, जिसमें भी यही बात लिखी हुई थी।

इसके अलावा मनीष के मोबाइल से एक वीडियो भी बरामद हुआ है, जिसमें वह आत्महत्या करने की बात कहता दिखाई दे रहा है। वीडियो में मनीष ने कहा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। उसने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उसने साढ़े 12 लाख रुपये की जमीन बेची थी और उसका पैसा उसे मिल चुका है। दुखों से परेशान होकर जान देने की बात भी उसने वीडियो में कही है।

तंत्र-मंत्र एंगल से भी जांच

पुलिस इस मामले की जांच तंत्र-मंत्र के एंगल से भी कर रही है। जिस मंदिर में मनीष अक्सर पूजा करने जाते थे, वहां के पुजारी को हिरासत में लिया गया है। मनीष खेती करते थे और हाल ही में उन्होंने 19 लाख रुपये का एक प्लॉट बेचा था, जिसमें से 12 लाख रुपये उनके खाते में आ चुके थे। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News