SwadeshSwadesh

ढाई घंटे तक हुआ किसानों और टिड्डी दल के बीच मुकाबला

Update: 2020-06-28 14:25 GMT


मथुरा। रविवार सुबह तकरीबन छह बजे नोएडा की ओर से आया टिड्डियों का दल नौहझील के गांव बिरजूगढ़ी, मरहला में प्रवेश कर गया। खेत में इन दिनों चरी की फसल है। बिरजूगढ़ी, मरहला के बाद मिठ्ठोली, चिंडौली, मुडिलिया, कोलाहर में भी टिड्डी दल पहुंच गया। टिड्डी के खेतों में पहुंचने की जानकारी जैसे ही किसानों को हुई तो वो आवाज करने के साधन बर्तन, ढोल आदि लेकर खेतों में पहुंच गए। बड़ी संख्या में एकत्रित टिड्डियों के समूह को देखकर किसानों में खलबली मच गई। किसानों ने टिड्डी को भगाने के लिए बर्तन आदि बजाए। करीब साढ़े आठ बजे टिड्डी दल का रूख मुड़ा और वो अलीगढ़ की सीमा में प्रवेश कर गया। टिड्डी दल के गांवों में पहुंचने की सूचना पर कृषि विभाग में हड़कंप मच गया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विभूति चतुर्वेदी, डीडीओ कृषि धुरेंद्र सिंह, एडीओ कृषि अशोक पालीवाल सहित कई अधिकारी गांव बिरजूगढ़ी पहुंच गए। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को टिड्डी दल से बचाव की जानकारी दी।

भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि जिला प्रशासन को टिड्डी दल के आने की जानकारी होने के बावजूद भी कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। यह बड़ी लापरवाही है। किसान नेता करुआ सिंह ने बताया कि टिड्डी दल के गांवों में पहुंचते ही किसानों ने थाली, ड्रम व ट्रैक्टर का शोर करना शुरू कर दिया। इससे टिड्डियों का दल रुक नहीं सका।  

Similar News