यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र 19 सितंबर से, हुई सर्वदलीय बैठक

Update: 2022-09-18 08:47 GMT

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 19 सितंबर से शुरू होगा। सत्र से पहले रविवार को यहां विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के साथ ही सभी दलीय नेता शामिल हुए। सभी दलीय नेताओं ने सदन को चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया है।उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को शुरू होगा। सत्र का एक दिन महिला सदस्यों के नाम होगा। प्रश्नकाल के बाद महिला सदस्य सदन को संचालित करेंगी। इसको लेकर कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में आम राय बनी।

हंगामेदार होगा सत्र - 

योगी सरकार इस मानसून सत्र के दौरान कई विधेयक पास कराएगी। इसके साथ ही सरकार सदन में चर्चा के दौरान अपने 100 दिन की उपलब्धियों को भी रखेगी। दूसरी तरफ विपक्ष जिस प्रकार से हमलावर दिख रहा है, उससे यह स्पष्ट है कि सदन में भी वह आक्रामक दिखाई देगा। सदन में विपक्ष सरकार को घेरने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ेगा। इससे पहले ही समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपने विधायकों, सांसदों को लेकर विधान भवन स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर धरना देने वाले थे लेकिन तकनीकी कारणों से पुलिस ने समाजवादी पार्टी को यहां धरना देने से मना कर दिया था। सत्र के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायक सरकार को घेरने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ेंगे।

यह है कार्यक्रम - 

19 सितंबर से शुरू होने वाले मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को भाजपा विधायक अरविंद गिरी के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। दूसरे दिन 20 सितंबर को औपचारिक कार्याध्यादेश अधिसूचनाओं, नियमों आदि को सदन के पटल पर रखा जाएगा। इस दौरान विभिन्न विधेयक को भी योगी सरकार सदन के पटल पर रखेगी। वहीं 21 सितंबर को विधाई कार्य किए जाएंगे। जबकि 22 सितंबर को विदाई कार्य के साथ ही विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। मानसून सत्र के आखिरी दिन 23 सितंबर को विधाई कार्य के साथ असरकारी दिवस को लेकर भी चर्चा की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार शाम विधायकों की बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने इस बैठक में विपक्ष के हमलों से बचने और जवाब देने की रणनीति पर चर्चा कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News