SwadeshSwadesh

मायावती ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

Update: 2019-02-14 12:54 GMT

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अलीगढ़ में 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा और एमपी में मुसलमानों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की निंदा की है। मध्य प्रदेश में बसपा के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनी है। इसके बाद भी मायावती लगातार कमलनाथ सरकार को कठघरे में खड़ा कर रही हैं।

मायावती ने गुरुवार को बयान में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की तरह ही गोहत्या के शक में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों पर रासुका के तहत बर्बर कार्रवाई की। इनका यह कृत्य बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने एएमयू के 14 छात्रों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है। सरकार का ये कृत्य सरकारी आतंक है व अति-निन्दनीय है। लोग फैसला करें कि दोनों सरकारों में क्या अन्तर है। एमपी में कांग्रेस तथा यूपी में भाजपा सरकार आतंक फैला रही है।

बसपा मुखिया ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टियों की सरकारें जातिवादी होने के साथ-साथ साम्प्रदायिक द्वेष की भावना से काम करती हैं। अब जनता को यह सोचना होगा कि भाजपा व कांग्रेस पार्टी की सरकारों की सोच व कार्यकलाप में क्या अन्तर रह गया है?

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश सरकार ने गोहत्या के संदेह के आधार पर अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोगों के खिलाफ रासुका लगाई है। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में बुधवार को 14 छात्रों पर देश विरोधी नारे लगाने के आरोप में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Similar News