SwadeshSwadesh

हरदीप पुरी ने कहा - 2019 तक पूरा होगा सबको आवास उपलब्ध कराने का मोदी का सपना

Update: 2018-07-27 12:39 GMT

लखनऊ। केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कहा कि 2019 तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सबको आवास उपलब्ध कराने का सपना पूरा हो जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद काम में तेजी आयी है। पिछली सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना पर ध्यान ही नहीं दिया। सपा सरकार ने 2015 से 2017 तक केवल 11 हजार मकान ही पास किये थे। वहीं प्रदेश की योगी सरकार ने इतने कम समय में चार लाख मकान पास किये हैं। वह शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि 2019 तक देश में 11 मिलियन आवास बन जायेंगे। अब तक 54 लाख मकान बन गये हैं। उत्तर प्रदेश में भी चार लाख 12 हजार आवास बनकर तैयार हो गये हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 10 स्मार्ट सिटी में भी तेजी से काम हो रहा है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना में देश के 100 शहरों को शामिल किया गया है।

नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पीएम आवास योजना में सपा सरकार की वजह से देरी हुई। उन्होंने कहा कि 2015 से 2017 के बीच सपा सरकार में महज 11000 मकान ही बन सके थे, जबकि योगी सरकार में अब तक चार लाख से अधिक घर बनाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत योजना 77 हजार 640 करोड़ की है। अमृत योजना के तहत देश के 500 शहरों को चिन्हित किया गया है, जिनका विकास कराया जा रहा है। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 60 शहर चिन्हित किए गए हैं। अब एक लाख से कम आबादी वाले जो शहर हैं उनको भी इस योजना में लिया जाएगा। इसलिए सरकार की योजना है कि अब अमृत प्लस योजना लाई जाएगी। इसके तहत एक लाख से कम और 50 हजार से ज्यादा आबादी वाले शहरों को शामिल किया जाएगा।

Similar News