SwadeshSwadesh

उप्र में झमाझम बारिश ने बढ़ाई ठंड, जन-जीवन अस्त-व्यस्त

- रबी की फसल के लिए फायदेमंद है यह बारिश :कृषि वैज्ञानिक

Update: 2020-01-16 06:46 GMT

लखनऊ। बुधवार देर रात शुरू हुई बारिश के कारण राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इसके साथ ही ठंड भी बढ़ गयी। लोग घरों में ही दुबके रहने के लिए मजबूर हो गये। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम का यही रुख बरकरार रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में दक्षिणी-पूर्वी हवाओं की मौजूदगी है। इससे बुधवार को दोपहर में राजधानी समेत पश्चिमी व पूर्वी इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। ऐसे में राजधानी का अधिकतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 11.7 सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक बुधवार को प्रदेश में पूर्वी व पश्चिम के कुछ इलाकों में शुरू हुई बारिश गुरुवार को पूरे प्रदेश में हो रही है। शुक्रवार और शनिवार को भी बूंदाबांदी के आसार हैं।

कृषि वैज्ञानिक मनोज सेमवाल के अनुसार यह बारिश गेहूं सहित कई फसलों के लिए फायदेमंद है। यदि बारिश के बाद आसमान साफ हो जाता है तो रबी की फसलों के लिए यह अमृत के समान हो जाएगा। कई दिनों तक बादल रहने पर फसलों को नुकसान हो सकता है।

Tags:    

Similar News