Kuber Mandir: मंदसौर में स्थित है भगवान कुबेर का अनोखा मंदिर, जहां धन के देवता के साथ विराजा है शिव परिवार

भारत में केदारनाथ के अलावा मंदसौर में ही भगवान कुबेर का मंदिर है। खास बात यह है कि यहां कभी भी ताला नहीं लगता।

Update: 2025-06-23 02:18 GMT

Kuber Mandir Mandsaur: भारत में अनेक मंदिर हैं, जो अपने अलग - अलग विशेषताओं के लिए जाने जाते हैं। ऐसे ही मध्य प्रदेश में भी कई दुलर्भ मंदिर हैं जिनके बारे में जानकार स्वयं वैज्ञानिक भी अचंभित हो जाते हैं। ऐसा ही एक अनोखा मंदिर मंदसौर जिले में स्थित है, जहां कुबेर भगवान शिव परिवार के साथ विराजमान हैं। खास बात ये है कि यहां कभी भी ताला नहीं लगता। भारत में केदारनाथ के अलावा मंदसौर में ही भगवान कुबेर का मंदिर है।

कहां स्थित है ये मंदिर?

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के खिलचीपुर में कुबेर मंदिर स्थित है। इतिहासकारों का मानना है कि इस मंदिर की मूर्तियां करीब 1300 साल पुरानी हैं। मंदिर में भगवान कुबेर चतुर्भुज रूप में हैं और वो नेवले पर सवार हैं। उनके एक हाथ में धन की पोटली, एक हाथ में प्याला और दो हाथों में शस्त्र हैं। दिवाली के पहले धनतेरस के दिन इस मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। साल 1978 में कुबेर की मूर्ति की पहचान हुई थी।

शिव परिवार के साथ विराजे हैं भगवान शिव

मंदसौर का कुबेर मंदिर भारत का एकलौता मंदिर है, जहां कुबेर देव भगवान शिव के परिवार के साथ विराजमान हैं। मंदिर में कुबेर देव के साथ धोलागिरी महादेव, माता पार्वती, गणेश सहित पूरे शिव परिवार की प्रतिमा भी विराजित है। मंदिर के गर्भगृह में महज तीन फ़ीट का ही दरवाजा है, इसमें से भक्त बिना पीठ दिखाए निकलते हैं।

मंदिर में दर्शन मात्र से पूरी हो जाती है मन की इच्छा

ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण मराठों के शासनकाल में हुआ था। मंदिर की मूर्ति उत्तर गुप्त काल की 7वीं शताब्दी की बताई जाती है। मंदिर के पुजारी का मानना है कि इस मंदिर में दर्शन मात्र से ही भक्तों की सारी इच्छाएं पूरी हो जाती हैं। बता दें इस कुबेर मंदिर में आज तक कभी ताला नहीं लगाया गया।

Tags:    

Similar News