अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025: विशाखापट्टनम में पीएम मोदी ने किया योग, दुनिया भर के लोगों को दिया ये खास संदेश…
आज यानी 21 जून को पूरी दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। 11वें. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को भारत भव्य तरीके से मना रहा है। इस साल योग संगम के तहत सुबह 6.30 से 7:45 बजे तक देशभर के एक लाख से ज्यादा जगहों पर कॉमन योग प्रोटोकॉल के मुताबिक सामूहिक योग कार्यक्रम में लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम राष्ट्रीय योग कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उनके साथ प्रदेश के मुखिया चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी उपस्थित रहें। इस कार्यक्रम में करीब 3 लाख लोगों ने एक साथ योग किया है। कार्यक्रम सुबह 8 बजे तक चलेगा।
क्या है इस साल की थीम?
इस साल योग दिवस की थीम है- “योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” रखी गई है। जिसका मतलब है कि अगर हमारी धरती स्वस्थ रहेगी, तभी हम भी स्वस्थ रह पाएंगे। विशाखापट्टनम के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में भारतीय सेना के जवानों के साथ योगाभ्यास किया।
योग ने पूरे विश्व को जोड़ा
अतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "देश और दुनिया के सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बहुत बहुत शुभकामनाएं। आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ 21 जून को योग कर रहा है। योग का सीधा अर्थ होता है जुड़ना। ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है।"
योगांद्रा अभियान से 2 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े
विशाखापट्टनम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "विशाखापट्टनम शहर प्रकृति और प्रगति दोनों की संगम स्थली है...योगांद्रा अभियान से 2 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। लोगों की भागीदारी की यही भावना विकसित भारत का मुख्य आधार है।"
योग के प्रसार में जुटा है भारत
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योग की विज्ञान को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है। देश के बड़े बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च में जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले ये हमारा प्रयास है।”
बढ़ते मोटापे को कम करने के बताए उपाय
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "बढ़ता मोटापा पूरी दुनिया के लिए एक चुनौती है। मैंने मन की बात कार्यक्रम में इसपर विस्तार से चर्चा की थी। इसके लिए अपने खाने में 10% तेल कम करने का चैलेंज भी शुरू किया था। मैं एक बार फिर दुनियाभर के लोगों को इस चैलेंज से जुड़ने का आह्वान करता हूं।"