सर्दी की बेदर्दी: नवंबर में रिकॉर्ड बनाने पर आमदा ठंड, 12 जिलों में शीतलहर

Update: 2025-11-10 06:06 GMT

राजधानी में सामान्य से 5.6-7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा तापमान

उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं ने इस बार मध्यप्रदेश में ठंड का असर समय से पहले ही बढ़ा दिया है। भोपाल सहित प्रदेश के 12 जिले शीतलहर की चपेट में आने से मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी 7 जिलों का तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

भोपाल में 25 साल का रिकॉर्ड तोड़

भोपाल में ठंड ने बीते 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बर्फीली हवाओं के चलते भोपाल के साथ उज्जैन संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से 5.6-7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इंदौर, ग्वालियर, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग में यही स्थिति रही, जहां सामान्य से 3.0-4.6 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया। वहीं नर्मदापुरम, चंबल और शहडोल संभाग के जिलों में यह कमी 1.5-2.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रही।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी मध्यप्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

शीत लहर की चपेट में ये जिले

भोपाल, सीहोर, राजगढ़, इंदौर, देवास, शाजापुर, आगर, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया और जबलपुर।

ठंड बढ़ने की वजह

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तरी हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं। इससे नवंबर की शुरुआत में ही सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। रात और सुबह के समय हल्का कोहरा भी छाने लगा है।

यहां 10 डिग्री से नीचे आया तापमान:

गिरवर (शाजापुर): 6.6°C

राजगढ़ / इंदौर: 7.0°C

भोपाल: 8.0°C

सीहोर: 8.3°C

कल्याणपुर (शहडोल): 8.4°C

Similar News