अच्छे घर के लोग बन रहे राजधानी में ड्रग पैडलर, आकाओं तक पहुंचने में पुलिस नाकाम
दस महीने में पूर्व पार्षद और कार्पोरेट घरानों के युवक-युवती गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय जनचेतना के लिए पांच महीने पहले चला चुका अभियान
राजधानी भोपाल में 'उड़ता पंजाब' जैसी स्थिति बनती जा रही है, जहाँ गांजा, एमडी और कोकीन सहित अन्य प्रतिबंधित पदार्थ आसानी से उपलब्ध हैं। इन्हें बेचने वाले अधिकांश पैडलर शहर के एलीट क्लास के लोग हैं।
आधा दर्जन लोग बेनकाब
पिछले छह महीने में भोपाल क्राइम ब्रांच ने ऐसे आधा दर्जन लोगों को बेनकाब किया है। कटारा हिल्स स्थित बीआई में पिछले साल एक अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई थी, जिसके चलते क्राइम ब्रांच की काफी किरकिरी हुई थी। इस घटना के बाद शहर में व्यापक अभियान चलाया गया। उसी दौरान क्राइम ब्रांच ने 2024 में 400 किलो गांजा, 36 किलो चरस और 132 कोडीन कफ सिरप बरामद करने की जानकारी दी थी। आरोपियों से पिछले साल साढ़े 14 करोड़ रुपए से अधिक का माल बरामद किया गया।
केस-1
टीला जमालपुरा पुलिस ने कोहेफिजा स्थित चित्रांश कॉलोनी में रहने वाली अक्सा खान उर्फ आसिया से नौ ग्राम एमडी बरामद किया। उनके पिता खेल मैदान का संचालन करते हैं। उसे यह पदार्थ मुंबई में रहने वाले एक दोस्त से मिला था।
केस-2
शारिक अहमद उर्फ मछली का भतीजा यासीन अहमद भी एमडी के साथ गिरफ्तार हुआ। उसके चाचा प्रदेश के कई डैम में मछली पकड़ने का ठेका भी लेते हैं। उनके राजनीतिक रसूख का उपयोग भतीजा ड्रग्स बेचने में कर रहा था।
केस-3
यासीन अहमद से पूछताछ के बाद जिम मालिक मोनिस खान भी ड्रग पैडलर के रूप में चिन्हित हुआ, लेकिन वह मलेशिया फरार हो गया। वह जिम के जरिए युवाओं को ड्रग्स बेच रहा था।
पुलिस का अभियान
नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कई बार चिंता व्यक्त की। इसी कारण जून 2025 में पुलिस मुख्यालय ने राजधानी में व्यापक अभियान चलाया। इसी दौरान कई एलीट क्लास के लोग ड्रग पैडलर के रूप में गिरफ्तार हुए। हालांकि, अभी तक इनके बड़े नेटवर्क का खुलासा नहीं हो सका है।
नया रूट सामने आया
पहले ड्रग पैडलर का रूट ओडिशा वाला था। इसे चिन्हित करने के बाद दो साल पहले क्राइम ब्रांच और भोपाल पुलिस ने कार्रवाई की। लेकिन पिछले छह महीनों से बिहार के रास्ते रातीबड़ होते हुए माल आने-जाने का नया रूट सामने आया है। इस रूट का इस्तेमाल करने वाले तीन बिहारी युवक भारी गांजे के साथ इसी महीने दबोचे गए हैं।