नक्सली हिड़मा के एनकाउंटर पर दिग्विजय के सवाल, बीजेपी ने किया पलटवार

Update: 2025-11-22 06:02 GMT

छत्तीसगढ़ के इनामी नक्सली माड़वी हिड़मा के एनकाउंटर के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इस एनकाउंटर पर सवाल उठाए हैं, जिसके चलते वे विवाद के केंद्र में आ गए हैं।

दिग्विजय सिंह ने आदिवासी एक्टिविस्ट सोनी सोढ़ी का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सोनी इस एनकाउंटर को फर्जी बता रही हैं। वीडियो में कहा गया है कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि हत्या थी। सोढ़ी का वीडियो शेयर करने पर भाजपा ने दिग्विजय सिंह पर हमला तेज कर दिया।

उनका बयान हमेशा आतंकवादियों के पक्ष में ही-आलोक शर्मा

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि “राष्ट्र के लिए जो सैनिक बलिदान होते हैं, उनके लिए दिग्विजय कुछ नहीं कहते। उनका बयान हमेशा आतंकवादियों के पक्ष में ही क्यों होता है? जनता सब जानती है, इसलिए उनकी पूरी पार्टी को चुनावों में पराजय का सामना करना पड़ रहा है।”

दिग्विजय सिंह का बयान आपत्तिजनक-विश्वास सारंग

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि दिग्विजय सिंह का बयान आपत्तिजनक है और देशद्रोह की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि सिंह देशद्रोहियों को संरक्षण देना बंद करें।सारंग ने आरोप लगाया कि “दिग्विजय सिंह हर समय देशद्रोहियों के साथ खड़े दिखते हैं। नक्सलियों को समर्थन देना, आतंकियों को संरक्षण देना और पाकिस्तान परस्ती की बात करना दिग्विजय सिंह की आदत है। दो दिन पहले नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हुए मध्य प्रदेश के लाल के लिए उन्होंने एक शब्द नहीं कहा, लेकिन नक्सली के एनकाउंटर पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।”

Similar News