सिंहस्थ और महाकाल मंदिर के लिए 5020 सैनिकों की होगी भर्ती

Update: 2025-11-20 06:22 GMT

होमगार्ड्स मुख्यालय ने गृह विभाग को भेजा भर्ती प्रस्ताव

प्रदेश सरकार सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में जुट गई है। सिंहस्थ से जुड़े विकास कार्यों के साथ-साथ आयोजन की सुरक्षा को लेकर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

सिंहस्थ के लिए कुल 5020 होमगार्ड सैनिकों की भर्ती की जाएगी। इसमें से 4532 जवान सिंहस्थ 2028 की सुरक्षा के लिए और 488 जवान महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा के लिए भर्ती होंगे। भर्ती का प्रस्ताव होमगार्ड मुख्यालय ने तैयार कर राज्य शासन को भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

नई भर्ती के बाद होमगार्ड सैनिकों को सिंहस्थ की सुरक्षा के अनुसार प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण में भीड़ नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के उपाय शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पहले ही घोषणा की थी कि महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा के लिए अलग भर्ती की जाएगी। अब तक महाकाल मंदिर की सुरक्षा निजी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की जा रही थी। नई भर्ती के बाद सुरक्षा की कमान होमगार्ड्स के हाथ में आ जाएगी।

सैनिकों को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग

गृह विभाग से होमगार्ड सैनिकों की भर्ती को मंजूरी मिलते ही भर्ती प्रक्रिया समय सीमा के भीतर पूरी की जाएगी। चयनित सैनिकों को सिंहस्थ के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कुंभ का आयोजन करा चुकी उप्र सरकार और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों द्वारा प्रशिक्षण शामिल होगा।

Similar News