SwadeshSwadesh

गूगल ने अपने डूडल को एशियाई खेलों को किया समर्पित

Update: 2018-08-18 08:08 GMT

नई दिल्ली। गूगल ने शनिवार शाम को होने वाले 18वें एशियाई खेलों की शुरुआत का जश्न मनाते हुए रंग-बिरंगा डूडल बनाया। इन खेलों में इस बार 45 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो कि 40 खेलों के लिए खेलेंगे।

हम आपको बता दें कि एशिया की ओलम्पिक परिषद द्वारा आयोजित एशियाई खेल ओलम्पिक के बाद दूसरी सबसे बड़ी खेल स्पर्धा है, जिसका आयोजन हर चार साल में होता है। इस साल के एशियाई खेल इंडोनेशिया में हो रहे हैं। इन खेलों में भारत की तरफ से 572 एथलीट 36 खेलों में भागीदारी करेंगे।

भारत 572 सदस्यीय विशाल दल के बलबूते 32 साल के लंबे अंतराल के बाद शीर्ष पांच में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। एशियाई खेलों का जन्मदाता भारत आखिरी बार 1986 के सोल एशियाई खेलों में पांचवें स्थान पर रहा था। 1951 में दिल्ली में हुए पहले एशियाई खेलों में भारत को 15 स्वर्ण सहित कुल 51 पदकों के साथ दूसरा स्थान मिला था जो सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत 1982 में दिल्ली और फिर 1986 में सियोल में लगातार पांचवें स्थान पर रहा था।

Similar News