SwadeshSwadesh

कॉमनवेल्थ गेम्स : आठवें दिन कुश्ती में तीन स्वर्ण सहित आए 6 पदक

Update: 2022-08-06 05:46 GMT

बर्मिंघम। राष्ट्रमंडल खेल 2022 के आठवें दिन भारतीय पहलवानों का जलवा रहा। स्टार पहलवान बजरंग पुनिया सहित तीन पहलवानों ने देश के लिए स्वर्ण जीते। भारत ने कुश्ती में शुक्रवार को तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य समेत कुल छह पदक जीते। राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में अब तक भारतीय एथलीटों ने 26 पदक- नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक जीते हैं। 

वहीं, किदांबी श्रीकांत और पीवी सिंधु ने क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया तो भाविना पटेल ने महिला एकल पैरा टेबल टेनिस के फाइनल में प्रवेश कर भारत के लिए पदक पक्का किया। हालांकि भारतीय हॉकी महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा को भी महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

भारतीय पहलवानों का रहा जलवा 

भारतीय पहलवान बजरंग पुनिया (पुरुष 65 किग्रा), दीपक पुनिया (पुरूष 86 किग्रा) और साक्षी मलिक (महिला 62 किग्रा) ने स्वर्ण जीता, वहीं अंशु मलिक (महिला 57 किग्रा) ने रजत पदक और दिव्या काकरन (68 किग्रा) व मोहित ग्रेवाल (फ्रीस्टाइल 125 किग्रा वर्ग) ने कांस्य पदक जीता। बजरंग ने फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग में कनाडा के लचलान मैकनिल को 9-2 से हराकर स्वर्ण जीता।साक्षी ने फ्रीस्टाइल 62 किग्रा वर्ग में कनाडा की एन्ना गोडिनेज गोंजालेज को पहले चित्त कर चार अंक हासिल किए। उसके बाद पिनबॉल से हराकर स्वर्ण पर कब्जा किया।

दीपक पूनिया ने फ्रीस्टाइल 86 किग्रा वर्ग में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अंशु मलिक को फ्रीस्टाइल 57 किग्रा वर्ग में रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें फाइनल में नाइजीरिया की ओडानायो फोलासाडो ने 7-3 से हराया।दिव्या काकरन ने फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के मैच में टोंगा की लिली कॉकर को 2-0 से हराया।भारतीय पहलवान मोहित ग्रेवाल ने फ्रीस्टाइल 125 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने जमैका के एरॉन जॉनसन को 6-0 से हरा दिया।

पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत क्वार्टर फाइनल में 

स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधु और किदांबी श्रीकांत ने आसान जीत के साथ क्रमश: महिला और पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 2018 संस्करण में रजत पदक विजेता सिंधु को युगांडा की हुसीना कोबुगाबे पर 21-10, 21-9 से जीत दर्ज की, जबकि गोल्ड कोस्ट में दूसरे सर्वश्रेष्ठ स्थान पर रहने वाले श्रीकांत ने भी पुरुष एकल में श्रीलंका के डुमिंडु अबेविक्रमा पर 21-9, 21-12 से आसान जीत दर्ज की।

भारतीय दल के पदक विजेता एथलीट-

स्वर्ण-मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया।

रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक।

कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल।

भारत ने कुल अब तक इन खेलों में कुल 26 पदक जीते हैं, जिनमें नौ स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक शामिल हैं।

Tags:    

Similar News