Diogo Jota Dies: कार एक्सीडेंट में फुटबॉलर की दर्दनाक मौत, 10 दिन पहले ही हुई थी शादी
Diogo Jota
Diogo Jota died in a car crash: पुर्तगाल और लिवरपूल के स्टार फुटबॉलर डियोगो जोटा का गुरुवार, 3 जुलाई को एक कार दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। इस हादसे में उनके भाई की भी जान चली गई। जोटा ने करीब 10 दिन पहले ही अपनी पार्टनर रूट कार्डोसो से शादी की थी। इस दुखद घटना की पुष्टि कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स ने की है। वहीं पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने भी सोशल मीडिया के ज़रिए जोटा को श्रद्धांजलि दी है।
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने जताया शोक
पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ ने डियोगो जोटा और उनके भाई आंद्रे सिल्वा की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। जारी बयान में महासंघ ने कहा, "पुर्तगाल फुटबॉल महासंघ और पूरा पुर्तगाली फुटबॉल समुदाय स्पेन में आज सुबह डियोगो जोटा और उनके भाई की मौत से पूरी तरह स्तब्ध है।"
बयान में आगे कहा गया कि नेशनल ए टीम के लिए लगभग 50 मैच खेल चुके जोटा एक असाधारण खिलाड़ी और इंसान थे, जिन्हें न सिर्फ उनके साथी खिलाड़ी बल्कि विपक्षी टीमें भी सम्मान देती थीं।
49 इंटरनेशनल मैच और 47 क्लब गोल
डियोगो जोटा का फुटबॉल करियर शानदार रहा। 4 दिसंबर 1996 को पुर्तगाल के पोर्तो में जन्मे जोटा ने 2014 में अंडर-19 टीम से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। 2019 में उन्हें सीनियर नेशनल टीम में जगह मिली और तब से उन्होंने पुर्तगाल के लिए 49 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 14 गोल किए।
क्लब फुटबॉल में जोटा 2020 में लिवरपूल से जुड़े और वहां उन्होंने 5 सालों में 123 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 47 गोल दागे और टीम के लिए बतौर फॉरवर्ड और लेफ्ट विंगर अहम भूमिका निभाई।
पत्नी ने एक दिन पहले ही शेयर किया था वीडियो
डियोगो जोटा और रूट कार्डोसो ने लंबे समय तक रिलेशन में रहने के बाद 22 जून 2025 को शादी की थी। दोनों ने कुछ दिन पहले ही सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें साझा की थीं। शादी के महज 10 दिन बाद यह खुशियां मातम में बदल गईं।
हादसे से ठीक एक दिन पहले, रूट कार्डोसो ने अपनी शादी का एक खूबसूरत वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। डियोगो और रूट के तीन बच्चे भी हैं, जिनके साथ यह नया जीवन शुरू हुआ ही था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंज़ूर था।