SwadeshSwadesh

इस साल आईपीएल में एमएस धोनी के बनाए रिकॉर्ड तोडना होगा मुश्किल, जानें

Update: 2020-09-18 04:40 GMT

नई दिल्ली। आज (19 सितम्बर) का दिन पूरी दुनिया के क्रिकेट फैन्स के लिए एक खास दिन साबित होने वाला है। सिर्फ इसलिए नहीं कि इस दिन से आईपीएल के 13वें सीजन की शुरुआत चार बार की विजेता मुंबई इंडियंस और पिछली बार की उपविजेता चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले से हो जाएगी, बल्कि इसलिए भी क्योंकि इस तारीख से दुनिया को एक बार फिर भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के मैदान पर खेलते देखने का मौका मिलेगा। धोनी लगभग 14 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी करते नजर आएंगे।

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज धोनी ने पिछले महीने स्वतंत्रता दिवस की शाम को इंटरनेशनल क्रिकेट से विदाई ले ली थी। धोनी ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच पिछले साल इंग्लैंड में आयोजित विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ आईपीएल के भी सफलतम कप्तानों में से एक धोनी की वापसी उनके करोड़ों फैन्स के लिए एक यादगार लम्हा होगा। चेन्नई और मुंबई के बीच आगाज मैच से पहले आइए नजर डालते हैं धोनी के उन रिकॉर्ड्स पर जो इस साल के आईपीएल के बाद भी उनके नाम ही रहने की उम्मीद है।

एमएस धोनी के बनाए रिकॉर्ड

-एमएस धोनी ने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 209 छक्के जड़े हैं जो किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक हैं। उनसे ज्यादा दो खिलाड़ियों ने छक्के लगाए हैं लेकिन वो दोनों ही विदेशी खिलाड़ी हैं। इसमें वेस्टइंडीज के धुरंधर क्रिस गेल(326) और साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स(212) का नाम शामिल है। भारतीयों में धोनी के करीब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा और सुरेश रैना हैं जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 194 छक्के जड़े हैं। अन्य भारतीयों में विराट कोहली का नंबर 6 है जिनके नाम 190 छक्के दर्ज हैं।

-दुनिया के सफलतम कप्तानों में से एक रहे धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है। उन्होंने यह रिकॉर्ड आईपीएल में भी बरकरार रखा है। उन्होंने अब तक चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 10 और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के लिए 1 सीजन में कप्तानी की है। कुल मिलाकर उन्होंने आईपीएल के 174 मैचों में कप्तानी की है। 2017 में वो राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की तरफ से एक विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर खेले थे।

-धोनी ने बेशक मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के मुकाबले एक आईपीएल ट्रॉफी कम जीती हो लेकिन जब बात सबसे ज्यादा मैच जीतने की हो तो उनका इस मामले में कोई सानी नहीं है। धोनी ने अपनी कप्तानी में 104 आईपीएल मैच जीते हैं जो कि एक रिकॉर्ड है। वो 100 से ज्यादा आईपीएल मैच जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। इस दौरान उनका जीत का प्रतिशत 60.11 का रहा है।

-132 शिकार के साथ महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल के सबसे सफलतम विकेटकीपर हैं। इस दौरान उन्होंने 38 बल्लेबाजों को स्टम्प किया है जो कि आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक है। 

Tags:    

Similar News