कुबेरेश्वर धाम में 14 फरवरी से रुद्राक्ष महोत्सव, इस बार मनाई जाएगी ‘ग्रीन शिवरात्रि’

सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में 14 से 20 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव, ग्रीन शिवरात्रि थीम के साथ एक करोड़ पौधरोपण।

Update: 2026-02-04 12:43 GMT

सीहोर। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में हर साल की तरह इस साल भी रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो 14 फरवरी से शुरू होकर 20 फरवरी तक चलेगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के सान्निध्य में होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इस बार महोत्सव की खास बात यह है कि कुबेरेश्वर धाम में ‘ग्रीन शिवरात्रि’ मनाई जाएगी। आयोजन का मकसद सिर्फ धार्मिक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाना भी है। 

महाशिवरात्रि पर होगा एक करोड़ पौधों का रोपण

आयोजकों के मुताबिक, पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत महाशिवरात्रि के अवसर पर देश-विदेश में एक करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। महोत्सव के दौरान सीहोर में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और आयोजन समिति मिलकर व्यापक इंतजाम कर रही है। 

रुद्राक्ष महोत्सव के लिए खास व्यवस्थाएं

आयोजकों के मुताबिक, भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सीहोर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।  कुबेरेश्वर धाम परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 256 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।  कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।


आधुनिक सुविधाओं से लैस कुबेरेश्वर धाम

आयोजकों के मुताबिक, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुबेरेश्वर धाम में 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट का विशाल पक्का पंडाल बनाया गया है, इस पंडाल में एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु कथा सुन सकेंगे। धाम में श्रद्धालुओं को सिर्फ 5 रुपए में 1 लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी. श्रद्धालुओं के भोजन के लिए करीब 10 एकड़ में विशाल भोजनशाला तैयार की गई है।

Tags:    

Similar News