छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी: लोगों को भीषण गर्मी से राहत, अगले हफ्ते तक ऐसा रहेगा मौसम

Update: 2025-05-23 03:02 GMT

Chhattisgarh Weather Alert Today : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश की फुहारों ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दिलाई है। पूरे प्रदेश में बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सरगुजा और बस्तर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा, रायपुर, बिलासपुर, और दुर्ग संभाग में भी बारिश की बौछारें पड़ने के आसार हैं। अगले एक सप्ताह तक बादल गरजने, बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने, और बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश

पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दक्षिण अरब सागर, मालदीव, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो चुका है। मानसून के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।

चक्रवात बनने की संभावना

पूर्व-मध्य अरब सागर, उत्तर कर्नाटक, और गोवा तट के पास एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इसके प्रभाव से इस क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह सिस्टम अगले 24 घंटों में और मजबूत होकर अवदाब का रूप ले सकता है, जिससे चक्रवात बनने की संभावना बढ़ रही है।

इसके साथ ही, एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) पंजाब से लेकर पूर्वी बांग्लादेश तक, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, और सिक्किम से होकर 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। बंगाल की खाड़ी से नमी की आपूर्ति के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

आज और आने वाले दिनों का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि आज छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी है। सरगुजा और बस्तर में कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि रायपुर, बिलासपुर, और दुर्ग में हल्की बारिश की संभावना है।

रायपुर का आज का मौसम

रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 


Tags:    

Similar News