SwadeshSwadesh

सर्वे रिपोर्ट : मध्यप्रदेश में चौथी बार भी बनेगी भाजपा की सरकार

Update: 2018-07-31 16:19 GMT

भोपाल। प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कई सर्वे हो चुके हैं और ये सिलसिला अभी जारी है। नेशनल हेराल्ड की वेबसाइट पर प्रकाशित एक सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक मध्यप्रदेश में चौथी बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार यदि बसपा और कांग्रेस के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन हो जाता है, तो यह भाजपा के लिए कुछ हद तक मुसीबत खड़ी कर सकता है।

नेशनल हेराल्ड के वेबसाइट पर स्पिक मीडिया नेटवर्क द्वारा प्रदेश में कराए गए एक सर्वे की रिपोर्ट प्रकाशित की गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनते दिख रही है। इसमें कहा गया है कि मध्यप्रदेश में अगर कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी के बीच गठबंधन नहीं हुआ, तो भाजपा को इससे फायदा होगा और चुनाव में बीजेपी के खाते में 147 सीट आएंगी। कांग्रेस सिर्फ 73 सीटें ही जीत पायेगी और बसपा को दस सीटें मिलेंगी। वहीं अगर कांग्रेस और बसपा का गठबंधन हो जाता है, तो 230 सीटों में से 126 सीटें भाजपा को मिलेंगी और कांग्रेस-बीएसपी गठबंधन 103 सीट ही हासिल कर पाएगा। कुल मिलाकर दोनों ही स्थितियों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। प्रदेश में बहुमत का आंकड़ा छूने के लिए 116 सीटें चाहिए।

सर्वे ये भी कहता है कि मध्यप्रदेश में सीएम शिवराज सिंह और पीएम मोदी की लोकप्रियता बरकरार है। सर्वे में यह भी बताया गया है कि फिलहाल मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रभाव अब भी जारी है। सर्वे के यह रिपोर्ट इसलिए भी महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि इसे प्रकाशित करने वाला अखबार 'नेशनल हेराल्ड' कांग्रेस का अखबार माना जाता है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस की मीडिया प्रभारी शोभा ओझा ने कहा है कि नेशनल हेराल्ड से कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, पार्टी ने इस सर्वे रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया है। पार्टी के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि कांग्रेस सिर्फ जनता के सर्वे को मानती है, बाकी किसी सर्वे को नहीं मानती। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और जनता ने इसका मन बना लिया है।  

Similar News