SwadeshSwadesh

बसपा नेता सुरेश पटेल भाजपा में शामिल

गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह मंत्रालय लेकर पहुंचे, मुख्यमंत्री से भी मिलवाया

Update: 2018-09-19 09:35 GMT

भोपाल/स्वदेश वेब डेस्क। विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बहुजन समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। बसपा के नेता सुरेश पटेल अपने करीब 250 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं। गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उन्हें कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलवाया है। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं के साथ वे मुख्यमंत्री निवास भी पहुंचे। बताया जा रहा है कि सुरेश पटेल का बीना, खुरई में खासा दखल है। इधर बसपा ने कहा है कि उनके भाजपा में शामिल होने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा।

चुनाव से पहले नेताओं के पाले बदलने का क्रम हमेशा से चलता रहा है। अब बसपा के सुरेश पटेल ने बहुजन समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। वे बसपा के टिकट से बीना और खुरई विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि वे यहां पर जीत दर्ज नहीं करा सके। बताया जा रहा है कि वे इस बार भी बसपा से टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन पार्टी द्वारा अब तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने पार्टी छोडऩा ही बेहतर समझा। वे अपने साथ करीब 250 कार्यकर्ताओं को भी भाजपा में लेकर गए हैं।

बसपा को कोई नुकसान नहीं: अहिरवार

बहुजन समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार का कहना है कि सुरेश पटेल बहुजन समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े हैं। वे हमारी पार्टी के नेता थे, लेकिन किस लालच में वे भाजपा में शामिल हुए हैं ये तो वे ही बता सकते हैं। उनके भाजपा में शामिल होने से बहुजन समाजवादी पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। उनका कहना है कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी स्वतंत्रता का अधिकार है और यदि वे भाजपा में शामिल हुए हैं तो इसके पीछे जरूर कोई लालच भी होगा। प्रदीप अहिरवार ने कहा है कि भाजपा के कई विधायक भी हमारे संपर्क में हैं। वक्त आने पर हम इसका खुलासा भी करेंगे।

Similar News