पुरी: ओडिशा पुलिस का दावा - लड़की को जलाने में कोई व्यक्ति शामिल नहीं

Update: 2025-08-03 04:36 GMT

ओडिशा पुलिस का दावा - लड़की को जलाने में कोई व्यक्ति शामिल नहीं

भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस ने दावा किया है कि 15 वर्षीय लड़की को जलाने की घटना में कोई भी व्यक्ति शामिल नहीं था। पीड़िता की बाद में मौत हो गई थी। हालांकि पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि, तीन अज्ञात बदमाशों ने उसकी बेटी को जला दिया था।

19 जुलाई को पुरी जिले के बलंगा इलाके में अपने घर के पास हुई इस घटना में झुलसने के बाद दिल्ली के एम्स में इलाज करा रही लड़की की शनिवार को मौत हो गई। उसे पहले बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली लाया गया था।

हालांकि, पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया कि लड़की कैसे जली। इसके चलते पुलिस की जांच पर सवाल उठ रहे हैं।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को बताया कि पुरी जिले में तीन अज्ञात लोगों द्वारा कथित तौर पर आग के हवाले की गई 15 वर्षीय लड़की की दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई।

बीते दिनों जानकारी सामने आई थी कि, पुरी जिले में भार्गवी नदी के किनारे 19 जुलाई की सुबह तीन अज्ञात लोगों ने लड़की को आग के हवाले कर दिया था। वह 70 प्रतिशत तक जल गई थी।

मोहन चरण माझी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि, "बलंगा इलाके की लड़की की मौत की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा है। सरकार के तमाम प्रयासों और दिल्ली स्थित एम्स की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम के चौबीसों घंटे प्रयासों के बावजूद, उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मैं लड़की की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ और ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि उसके परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"

Tags:    

Similar News