SwadeshSwadesh

मराठा आरक्षण आंदोलन : औरंगाबाद में उग्र हुआ प्रदर्शन, कई वाहन फूंके

Update: 2018-07-24 08:56 GMT

मुंबई। मराठा आरक्षण को लेकर मराठा क्रांति मोर्चा का औरंगाबाद में हो रहा आंदोलन हिंसक स्वरुप धारण करने लगा है। आंदोलनकारियों ने यहां फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया है। इससे आंदोलनकारियों व पुलिस के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला और पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा है। आंदोलनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस भी छोड़नी पड़ी। मंगलवार को 3 आन्दोलनकारियों ने आत्महत्या का प्रयास किया है। इनमें औरंगाबाद में 2 व लातुर में एक युवक शामिल है। औरंगाबाद में सोमवार को काकासाहेब शिंदे ने नदी में कूदकर जान दी थी।

लातुर में मराठा क्रांति मोर्चा के समर्थन में अमूल जगताप नामक युवक ने आत्मदाह करने का प्रयास किया है, उसका इलाज सिविल अस्पताल में हो रहा है। इस आंदोलन के समर्थन में मंगलवार को कन्नड तहसील के देवराव रंगारी गांव के द्वारकादास सोनावणे नामक मराठा युवक ने गोदावरी नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल नदी से निकालकर द्वारकादास को घाटी अस्पताल में पहुंचाया जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। जगन्नाथ काशीनात सोनावणे ने भी मराठा आरक्षण के समर्थन ने विषपान कर आत्महत्या का प्रयास किया है। जगन्नाथ का इलाज भी घाटी अस्पताल में हो रहा है। इन दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

परभणि में आंदोलनकारियों का गुस्सा दैनिक अखबार के दफ्तरों पर फूट पड़ा है। आंदोलनकारियों ने दो अखबार के कार्यालयों पर पथराव किया है। इसी तरह शिर्डी-पंढरपुर मार्ग पर आंदोलनकारियों ने एसटी बस जला दी है। हिंगोली जिले में भी महाराष्ट्र बंद का असर देखने को मिला है। यहां आंदोलनकारियों ने हिंगोली-खालापुर मार्ग पर पुलिस की जीप जला दी है। मुंबई-गोवा महामार्ग पर भी आंदोलनकारियों ने बस व वाहनों में तोडफ़ोड़ की है। 

Similar News