SwadeshSwadesh

पहलगाम में मौसम हुआ खराब, रुकी अमरनाथ यात्रा

Update: 2022-07-05 06:31 GMT

श्रीनगर।  बारिश के कारण पहलगाम मार्ग से अस्थायी रूप से अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। पहलगाम के नुनवान बेस कैंप में करीब 3,000 यात्रियों को रोक दिया गया है। इस बीच मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से 6,300 से अधिक अमरनाथ तीर्थयात्रियों का छठा जत्था रवाना हुआ। 

पहलगाम में सोमवार रात जारी बारिश की वजह से भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इस वजह से प्रशासन ने यात्रा को इस मार्ग पर अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया है। सभी यात्रियों के ठहरने के प्राप्त प्रबंध किए गए हैं। मौसम खराब होने से पहलगाम में ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 12 घंटे तक बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। 

जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से मंगलवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच 239 वाहनों के काफिले में कुल 6,351 अमरनाथ तीर्थयात्री रवाना हुए। इनमें से 4,864 पुरुष, 1,284 महिलाएं, 56 बच्चे, 127 साधु, 19 साध्वी और एक किन्नर शामिल हैं। बालटाल आधार शिविर के लिए जाने वाले 2,028 तीर्थयात्री 88 वाहनों में सुबह करीब 3.35 बजे सबसे पहले रवाना हुए। इसके बाद पहलगाम आधार शिविर के लिए 4,323 तीर्थयात्रियों को लेकर 151 वाहनों का दूसरा काफिला रवाना हुआ। अधिकारियों ने कहा कि अब तक 72,000 से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी की गुफा में प्राकृतिक रूप से निर्मित शिवलिंगम की पूजा कर चुके हैं।

Tags:    

Similar News